
नई दिल्ली। सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों एक अजीबोगरीब नाम की ‘पार्टी’ ने तहलका मचा रखा है। इस वर्चुअल राजनीतिक दल का नाम है— ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP)। देखते ही देखते इस डिजिटल मोर्चे ने लोकप्रियता के मामले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) जैसी बड़ी राजनीतिक पार्टी को भी सोशल मीडिया फॉलोवर्स की रेस में पीछे छोड़ दिया। आलम यह है कि इंस्टाग्राम पर इस पार्टी के अकाउंट से कुछ ही समय में दो करोड़ से ज्यादा लोग जुड़ गए। हालांकि, इस भारी लोकप्रियता के बीच सरकार ने देश की सुरक्षा का हवाला देते हुए इसके मुख्य ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) अकाउंट को ब्लॉक करने का आदेश दे दिया, लेकिन इसके बावजूद युवाओं के बीच इसका क्रेज कम होने का नाम नहीं ले रहा है।
जानिए क्यों और कैसे वजूद में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’
इस पूरी कहानी की शुरुआत सुप्रीम कोर्ट के सीजेआई सूर्यकांत के एक कथित बयान के बाद हुई। दरअसल, एक मामले की सुनवाई के दौरान उन्होंने बेरोजगार युवाओं को लेकर एक टिप्पणी की थी, जिसकी तुलना कथित तौर पर ‘कॉकरोच’ से की गई। उनके इस बयान में कहा गया था कि ये बाद में मीडिया, सोशल मीडिया और आरटीआई एक्टिविस्ट बन जाते हैं। इस टिप्पणी पर देशभर में भारी विवाद छिड़ गया। हालांकि, बाद में इस पर सफाई पेश करते हुए स्पष्ट किया गया कि मीडिया ने बयान को गलत संदर्भ में दिखाया और उनका मकसद युवाओं की आलोचना करना कतई नहीं था।
लेकिन तब तक डिजिटल स्पेस में चिंगारी सुलग चुकी थी। अमेरिका में पढ़ाई कर रहे भारतीय मूल के युवा अभिजीत दीपके ने इस बयान के विरोध स्वरूप सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की नींव रख दी। उन्होंने इसे उन युवाओं का मंच बताया जिन्हें सिस्टम बेकार समझता है।
सरकार के एक्शन के बाद ‘न्यू अवतार’ में वापसी
‘एक्स’ पर लाखों फॉलोवर्स जुटाने के बाद जब सरकार ने सुरक्षा कारणों से इस अकाउंट पर प्रतिबंध लगाया, तो इसके फाउंडर अभिजीत दीपके ने हार नहीं मानी। उन्होंने तुरंत एक नया अकाउंट क्रिएट कर लिया। युवाओं में इस पार्टी को लेकर इस कदर दीवानगी है कि नए अकाउंट पर भी रॉकेट की रफ्तार से यूजर्स दोबारा जुड़ रहे हैं। इस पार्टी का मुख्य एजेंडा और फोकस पूरी तरह से देश के युवाओं, छात्रों और बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्रित है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर युवा इसे अपनी आवाज मानकर लगातार शेयर और सपोर्ट कर रहे हैं।
भारत की नकल कर पाकिस्तान में भी उठी ‘कॉकरोच’ लहर
पड़ोसी देश पाकिस्तान की हमेशा से आदत रही है कि वह भारत के ट्रेंड्स को तुरंत कॉपी करता है। जैसे ही भारत में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सोशल मीडिया पर वायरल हुई, पाकिस्तान के डिजिटल स्पेस में भी इसकी धड़ाधड़ नकल होने लगी। वहां के इंटरनेट यूजर्स ने आनन-फानन में ‘कॉकरोच अवामी लीग’, ‘कॉकरोच अवामी पार्टी’ और ‘मुत्तहिदा कॉकरोच मूवमेंट’ जैसे दर्जनों सोशल मीडिया अकाउंट्स खड़े कर दिए।
आखिर क्या है इन पाकिस्तानी अकाउंट्स का एजेंडा
पाकिस्तान में बनी ‘कॉकरोच अवामी पार्टी’ के सोशल मीडिया बायो में लिखा गया है— ‘युवाओं के लिए एक पॉलिटिकल फ्रंट, जो युवाओं द्वारा ही पाकिस्तान के लिए शुरू किया गया है।’ वहीं एक अन्य अकाउंट के बायो में लिखा है— ‘जिन्हें सिस्टम ने कॉकरोच समझा, हम उन्हीं आवाम की आवाज हैं।’ इन अकाउंट्स ने बाकायदा अपने लोगो (Logo) भी तैयार किए हैं, जिनमें कॉकरोच की तस्वीर छपी है।
इन अकाउंट्स की एक्टिविटी को देखकर साफ पता चलता है कि इनका मुख्य एजेंडा पाकिस्तान की मौजूदा सत्ताधारी सरकार और सिस्टम का विरोध करना है। हालांकि, यह देखने वाली बात होगी कि क्या ये पार्टियां सिर्फ सोशल मीडिया की सुर्खियों तक ही सीमित रहती हैं या आने वाले समय में जमीन पर उतरकर भी कोई आंदोलन खड़ा कर पाती हैं। फिलहाल, भारत की ही तरह पाकिस्तान में भी इन वर्चुअल पार्टियों का पूरा फोकस वहां के परेशान और बेरोजगार युवाओं पर ही टिका हुआ है।










