
लखनऊ। राजधानी के पॉश इलाके गाजीपुर में मानवता को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक ऑटो चालक ने अपने साथी के साथ मिलकर एक प्रतिष्ठित कारोबारी की पत्नी की अस्मत पर हाथ डालने की कोशिश की। महिला द्वारा शोर मचाने और विरोध करने पर बेरहम आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से चलती ऑटो से नीचे फेंक दिया और फरार हो गए। हालांकि, गाजीपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर इस खौफनाक वारदात के मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चलती ऑटो में दरिंदगी, विरोध करने पर गला दबाकर सड़क पर फेंका
पूर्वी जोन की डीसीपी दीक्षा शर्मा ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बीते 6 तारीख को गोमतीनगर इलाके की रहने वाली एक कारोबारी की 55 वर्षीय पत्नी जानकीपुरम से अपने घर लौट रही थीं। रास्ते में वह एक ऑटो में सवार हुईं। कुछ दूर आगे बढ़ते ही सुनसान रास्ता देखकर ऑटो चालक और उसके साथी की नीयत डोल गई। चालक ने महिला के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए इसका कड़ा विरोध किया और शोर मचाया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हैवानियत की हदें पार करते हुए आरोपियों ने महिला का गला दबाकर उन्हें जान से मारने का प्रयास किया और फिर गाजीपुर थाना क्षेत्र के सेक्टर-25 के पास उन्हें चलती ऑटो से सड़क पर फेंक कर रफूचक्कर हो गए।
CCTV खंगालकर हुई पहचान, बंधा रोड पर घेराबंदी
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर हुड़दंगियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला, जिसकी मदद से आरोपी और वारदात में इस्तेमाल ऑटो की पहचान की गई। रविवार की देर रात गाजीपुर पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल वही ऑटो बंधा रोड के पास देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देख दाग दी गोली, जवाबी कार्रवाई में हुआ ढेर
पुलिस टीम को अपने करीब आता देख आरोपी घबरा गया। पुलिस ने जब उसे सरेंडर करने के लिए ललकारा, तो आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर ही अवैध तमंचे से फायर झोंक दिया और भागने की कोशिश करने लगा। आत्मरक्षार्थ में गाजीपुर पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली सीधे आरोपी के पैर में जा लगी, जिससे वह लहुलूहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने दौड़कर उसे दबोच लिया।
सीतापुर का रहने वाला है शातिर आरोपी, साथी की तलाश जारी
पकड़े गए आरोपी की पहचान 25 वर्षीय सनी कश्यप के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जनपद सीतापुर का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल ऑटो और अवैध असलहा बरामद किया है। पैर में गोली लगने के कारण आरोपी को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।










