Lucknow : चारबाग जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, 12 चोरी के मोबाइल और नकदी के साथ शातिर चोर गिरफ्तार

 

  • अर्चना एक्सप्रेस के कोच से दबोचा गया आरोपी, बरामद मोबाइलों की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये

Lucknow : चारबाग जीआरपी ने चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक अभ्यस्त (शातिर) चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 12 चोरी के मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है, तथा 33,170 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।

जीआरपी चारबाग प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ट्रेन संख्या 12356 अर्चना एक्सप्रेस के कोच संख्या बी-3 में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 12 चोरी के मोबाइल फोन तथा 33,170 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मोहम्मद काशिफ (26) पुत्र नजीर अहमद, निवासी मोहल्ला रिच्छा गोटिया, वार्ड संख्या-4, थाना देवरनिया, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपी अभ्यस्त किस्म का शातिर चोर प्रतीत हुआ है। उससे बरामद मोबाइल फोनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि उनके वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें मोबाइल वापस दिलाए जा सकें। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी संगठित चोरी गिरोह से जुड़ा है या नहीं।

जीआरपी ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई और पूछताछ जारी है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment