
कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर अरौल क्षेत्र के पास शनिवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कानपुर से 10 ई-बाइक लेकर फर्रुखाबाद जा रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर के चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिसके बाद बेकाबू कंटेनर सड़क किनारे खड़े एक अज्ञात ट्रक से जा टकराया। भीषण टक्कर होते ही ई-बाइकों से लदे कंटेनर में अचानक चिंगारी भड़की और देखते ही देखते वाहन आग के विकराल गोले में तब्दील हो गया। इस भयावह हादसे के बाद हाईवे पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। चालक श्याम यादव तो किसी तरह मौत के मुंह से बाहर निकल आया, लेकिन परिचालक सत्यभान के लिए कंटेनर का दूसरा गेट काल साबित हुआ। टक्कर के कारण दूसरा गेट अंदर से लॉक हो गया था, जिससे सत्यभान अंदर ही फंसा रह गया। जब तक फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, तब तक लपटों में घिरकर सत्यभान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो चुकी थी। दोनों पीड़ित फिरोजाबाद जिले के नगला खंगर के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, यह हादसा तड़के करीब 4 बजे हुआ जब वाहन (नंबर DL1 LAL 4767) हाईवे से गुजर रहा था। अरौल थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। पुलिस ने मृतक सत्यभान के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।














