तेहरान में धमाकों से बढ़ी हलचल, ट्रंप की ईरान को दोटूक चेतावनी – ‘मुझ पर हमला हुआ, तो अमेरिका दाग देगा 1,000 मिसाइलें’

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान को कड़ी चेतावनी दिए जाने के बीच ईरान की राजधानी तेहरान में शनिवार को धमाकों की आवाज सुनाई देने से हलचल मच गई। शुरुआती रिपोर्टों में पूर्वी तेहरान में विस्फोट की खबरें सामने आईं, जिससे अटकलों का दौर शुरू हो गया।

हालांकि, ईरान के सरकारी मीडिया ने स्थानीय प्रशासन के हवाले से स्पष्ट किया कि यह धमाका किसी नए हमले का परिणाम नहीं था। तेहरान प्रांत के पूर्वी हिस्से में हालिया युद्ध के दौरान बचे गोला-बारूद को नियंत्रित तरीके से नष्ट करने की कार्रवाई की जा रही थी, जिसके कारण विस्फोट की आवाज सुनाई दी।

पाकदश्त के गवर्नर ने बताया कि यह पूरी तरह से पूर्व नियोजित सैन्य कार्रवाई थी। उन्होंने कहा कि गोला-बारूद के सुरक्षित निपटान के दौरान विस्फोट हुआ, लेकिन इससे किसी भी नागरिक को कोई खतरा नहीं था और न ही किसी तरह की दुर्घटना हुई। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की।

इससे पहले ईरानी मीडिया ने बताया था कि तेहरान के पूर्वी हिस्से, विशेष रूप से पाकदश्त और कियामदाश्त क्षेत्रों के निवासियों ने तेज धमाकों की आवाज सुनी थी। शुरुआती समय में विस्फोट के स्थान और कारण की पुष्टि नहीं हो सकी थी।

इधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर कड़ा बयान दिया है। इजराइल से मिली कथित खुफिया जानकारी का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि ईरान उनकी हत्या की साजिश रच रहा है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि उन पर हमला करने की कोई कोशिश की गई तो अमेरिका ऐसा जवाब देगा, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया होगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर ईरान की ओर एक हजार मिसाइलें दागी जा सकती हैं और इससे भी बड़े स्तर पर सैन्य कार्रवाई की जाएगी। ट्रंप ने यह भी कहा कि यदि ईरान ने उन पर हमला किया तो उसे पूरी तरह तबाह कर दिया जाएगा।

इस बीच, ईरान ने शुक्रवार को अपने सर्वोच्च नेता आयातुल्ला अली खामेनेई को उनके गृहनगर मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया। ईरानी मीडिया के अनुसार, 28 फरवरी को हुए अमेरिकी-इजराइली हमलों में उनकी मौत हुई थी, जिसके बाद मध्य पूर्व में तनाव और संघर्ष और अधिक बढ़ गया।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment