पिता की शहादत का बदला लेंगे मोजतबा खामेनेई: ईरान के नए सुप्रीम लीडर का पहला बयान, ट्रंप और इजरायल को दी खुली चेतावनी

तेहरान: ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम विदाई के बाद देश के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने अपना पहला सार्वजनिक बयान जारी कर पूरे मध्य पूर्व में खलबली मचा दी है। मोजतबा ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने की कसम खाते हुए अमेरिका और इजरायल के खिलाफ जंग का बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि उनके पिता के खून का एक-एक कतरा व्यर्थ नहीं जाएगा और अपराधी कभी चैन से नहीं सो पाएंगे।

“हुसैन के रास्ते पर चलकर लेंगे बदला”

मोजतबा खामेनेई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर सिलसिलेवार पांच पोस्ट कर अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने हजरत हुसैन (अ.) के बलिदान का हवाला देते हुए कहा कि ईरानी राष्ट्र हमेशा से जुल्म के खिलाफ लड़ता आया है और अब समय आ गया है कि अपने समय के ‘हुसैन’ जैसे लीडर के खून का बदला लिया जाए। उन्होंने अपने पिता को संबोधित करते हुए भावुक होते हुए कहा, “हे अन्याय से मारे गए लीडर! हम आपकी विरासत की रक्षा करने की कसम खाते हैं। हम उस रास्ते पर अडिग हैं जिस पर आपने हमें चलाया है।”

हत्यारों को कब्र तक चैन नहीं मिलेगा

नए सुप्रीम लीडर ने उन ताकतों को सीधी चेतावनी दी है जिन्होंने ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के तहत उनके पिता को निशाना बनाया था। मोजतबा ने सख्त लहजे में कहा, “मेरे पिता और युद्ध के अन्य शहीदों के खून का बदला उन अपराधी और बदनाम हत्यारों से लिया जाएगा। यह पूरे राष्ट्र की मांग है। जो लोग यह सोच रहे हैं कि वे इस अपराध के बाद शांति से अपने बिस्तर पर सो पाएंगे, वे गलतफहमी में हैं। उन्हें अपनी कब्र तक यह डर लेकर जाना होगा कि बदला जल्द ही पूरा होगा।”

28 फरवरी का वह खौफनाक दिन

गौरतलब है कि 28 फरवरी, 2026 को अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच छिड़े युद्ध के पहले दिन ही अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या कर दी गई थी। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के अत्यंत उन्नत ट्रैकिंग सिस्टम का इस्तेमाल करते हुए ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के जरिए उनके आवास को हवाई हमलों में मलबे में तब्दील कर दिया गया था। सैटेलाइट तस्वीरों में ईरानी नेता के परिसर से निकलते काले धुएं के गुबार ने दुनिया को बता दिया था कि खामेनेई का दौर खत्म हो चुका है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस मिशन की सफलता का दावा करते हुए कहा था कि खामेनेई अमेरिका की नजरों से बच नहीं पाए।

मध्य पूर्व में गहराया संकट

मोजतबा खामेनेई का यह आक्रामक बयान ऐसे समय पर आया है जब मध्य पूर्व में पहले से ही तनाव चरम पर है। एक तरफ ट्रंप पहले ही ईरान को तबाह करने की चेतावनी दे चुके हैं, वहीं दूसरी ओर नए ईरानी सुप्रीम लीडर का ‘बदले का संकल्प’ इस क्षेत्र को एक बड़े युद्ध की ओर धकेल रहा है। ईरान का होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण और हालिया सैन्य हमलों के बाद, दुनिया अब इस बात की आशंका जता रही है कि क्या यह संघर्ष एक पूर्ण और महाविनाशकारी युद्ध में बदल जाएगा।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment