भोपाल। राजधानी भोपाल में आबकारी विभाग ने अवैध रूप से महंगी विदेशी शराब की तस्करी और सप्लाई करने वाले एक हाई-प्रोफाइल गिरोह का पर्दाफाश किया है। विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी समेत चार आरोपियों को धर दबोचा है। यह गिरोह भोपाल के सबसे पॉश इलाकों जैसे अरेरा कॉलोनी, चार इमली और हाई-प्रोफाइल लेट-नाइट पार्टियों में अवैध रूप से प्रीमियम ब्रांड्स की विदेशी शराब डिलीवर करता था। छापेमारी में आबकारी विभाग ने भारी मात्रा में विदेशी शराब, एक महिंद्रा थार सहित 4 लग्जरी कारें और अन्य वाहन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत 60 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
15 दिनों के गुप्त ऑपरेशन के बाद गांधीनगर में बिछाया जाल
आबकारी विभाग को बीते 15 दिनों से सूचना मिल रही थी कि शहर में अवैध विदेशी शराब का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। पक्की रेकी और निगरानी के बाद विभाग की टीम ने सादे कपड़ों में गांधीनगर स्थित पंचवटी कॉलोनी में घेराबंदी की। टीम ने मौके से मुख्य आरोपी राहुल यादव उर्फ रवि को एक कार के साथ दबोच लिया। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से 81 बल्क लीटर महंगी विदेशी शराब बरामद हुई। आरोपी राहुल पहले भी शराब की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।
त्रिलंगा स्थित घर और खड़ी कारों में भरी मिली शराब की पेटियां
मुख्य आरोपी राहुल से कड़ी पूछताछ के बाद आबकारी टीम ने त्रिलंगा के विकासकुंज स्थित उसके मकान पर दबिश दी। वहां उसकी पत्नी प्रीति के कब्जे से 411.75 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। जब अधिकारियों ने घर के बाहर खड़ी तीन अन्य कारों की तलाशी ली, तो वे भी शराब की पेटियों से खचाखच भरी हुई पाई गईं।
पूछताछ में खुले दो और तस्करों के नाम, स्कूटी से भी जब्त हुई शराब
पति-पत्नी से मिली जानकारी के आधार पर आबकारी विभाग ने नेटवर्क से जुड़े दो अन्य गुर्गों—चंचल साहू और अनिकेत शाक्य को भी नामजद किया। इसके बाद बरखेड़ा इलाके में छापेमारी कर अनिकेत शाक्य को स्कूटी पर अवैध रूप से 6 पेटियां शराब ले जाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
आगरा और ग्वालियर के रास्ते आ रही थी बिना लेबलिंग वाली शराब
कार्रवाई के दौरान कुल 552.75 लीटर प्रीमियम विदेशी शराब जब्त की गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन बोतलों पर आबकारी विभाग की आधिकारिक लेबलिंग नहीं थी, जिससे इसके अवैध आयात और नकली होने का भी अंदेशा जताया जा रहा है। जांच में खुलासा हुआ है कि इस शराब की खेप आगरा और ग्वालियर के रास्तों से भोपाल तक पहुंचाई जा रही थी।
पॉश इलाकों और वीआईपी पार्टियों में थी सीधी सप्लाई
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे लंबे समय से अरेरा कॉलोनी और चार इमली जैसे वीआईपी क्षेत्रों में चुनिंदा ग्राहकों और बड़ी प्राइवेट पार्टियों में शराब की होम डिलीवरी कर रहे थे। आबकारी विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि इस गिरोह के तार आगरा और ग्वालियर में किन बड़े तस्करों से जुड़े हुए हैं।












