झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित पीतांबरा हॉस्पिटल में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक युवक ने कॉलेज टेस्ट देकर लौट रही युवती को बहला-फुसलाकर और डरा-धमकाकर अस्पताल की छत पर ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथी की मदद से पीड़िता को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। इस मामले में मध्य प्रदेश की निवाड़ी पुलिस ने शून्य पर एफआईआर दर्ज कर केस की डायरी झांसी के नवाबाद थाने स्थानांतरित कर दी है।
टेस्ट देने गई युवती का रास्ते से अपहरण
घटनाक्रम के अनुसार, मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले की रहने वाली युवती बीते 17 जुलाई 2026 को अपने घर से निवाड़ी बाईपास स्थित एक कॉलेज में परीक्षा देने गई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद वह वापस अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में निवाड़ी के चुरारा गांव निवासी प्रीतम कुशवाहा नाम का युवक उसे मिल गया। आरोप है कि प्रीतम ने युवती को जबरन अपनी बाइक पर बैठाया और उसे लेकर सीधे झांसी पहुंच गया।
हॉस्पिटल की छत पर ले जाकर की दरिंदगी
झांसी पहुंचने के बाद आरोपी युवक युवती को झांसा देकर मेडिकल कॉलेज के सामने बने पीतांबरा हॉस्पिटल की छत पर ले गया। सुनसान जगह देखकर आरोपी ने युवती को जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। हैवानियत के बाद आरोपी ने अपने एक साथी को फोन कर मौके पर बुलाया और दोनों पीड़िता को पुलिया नंबर नौ के पास छोड़कर रफूचक्कर हो गए।
निवाड़ी में दर्ज हुआ केस, झांसी ट्रांसफर हुई विवेचना
किसी तरह पीड़िता ने राहगीरों की मदद से फोन कर अपने परिजनों को आपबीती बताई और घर पहुंची। पीड़िता की हालत देख परिजनों के होश उड़ गए, जिसके बाद वे उसे लेकर निवाड़ी थाने पहुंचे। निवाड़ी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी प्रीतम कुशवाहा के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया। चूंकि वारदात का घटनास्थल झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए निवाड़ी पुलिस ने केस की विवेचना और कानूनी कार्रवाई के लिए मामला झांसी पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है। नवाबाद थाना पुलिस अब मामले की जांच कर साक्ष्य जुटाने में लग गई है।










