
बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। दुबौलिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर इस अंधी हत्या का पर्दाफाश कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
खेत में मिलने पहुंचे थे प्रेमी युगल, पिता ने देखा तो आपा खो बैठे
घटना की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी (CO) कलवारी बृजेश सिंह ने बताया कि 21 अगस्त की दोपहर अभियुक्त लक्ष्मण (निवासी बभरौली) और उसकी प्रेमिका दुर्गा (निवासी रमवापुर तिवारी) बभरौली के पास एक खेत में नहर के किनारे मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान दुर्गा के पिता कृष्णा प्रसाद अचानक वहां पहुंच गए। अपनी बेटी को लक्ष्मण के साथ आपत्तिजनक हालत में देख पिता का गुस्सा फूट पड़ा और वे दोनों के साथ मारपीट करने लगे।
हंसिया से हमला और गमछे से घोंटा गला, फिर नहर में फेंकी लाश
पिता के विरोध से बौखलाए प्रेमी युगल ने कृष्णा प्रसाद को पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद लक्ष्मण और दुर्गा ने मिलकर हंसिया से कृष्णा प्रसाद के गले और सीने पर ताबड़तोड़ वार किए तथा हंसिया की मुठिया से सिर पर प्रहार किया। इतने से भी मन नहीं भरा तो लक्ष्मण उनके सीने पर चढ़ गया और दोनों ने गमछे से गला कसकर उनकी जान ले ली। जब उन्हें यकीन हो गया कि कृष्णा प्रसाद की मौत हो चुकी है, तो दोनों ने शव को छिपाने की नीयत से नहर में फेंक दिया और हथियार भी वहीं फेंककर फरार हो गए।
नासिक भागने की फिराक में थे आरोपी, जैतापुर मोड़ से दबोचे गए
मृतक के भाई काशी प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। शनिवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने जैतापुर मोड़ (रामजानकी मार्ग) से आरोपी लक्ष्मण पुत्र राजू और बेटी दुर्गा को उस वक्त गिरफ्तार कर लिया, जब वे दोनों नासिक भागने की तैयारी में थे।
निशानदेही पर आला कत्ल बरामद, दोनों भेजे गए जेल
पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल आला कत्ल (एक हंसिया), एक गमछा और मृतक से संबंधित ₹700 नकद बरामद कर लिए हैं। रविवार को पुलिस ने पूरी घटना का सफल अनावरण करते हुए दोनों आरोपियों को संबंधित धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया है।












