
नई दिल्ली: देश भर में सक्रिय मॉनसूनी गतिविधियों के चलते मौसम का मिजाज बदला हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और मॉनसून ट्रफ के कारण देश के कम से कम 17 राज्यों में मौसम बेहद अस्थिर रहने का अनुमान है। पहाड़ी राज्यों में फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का खतरा मंडरा रहा है।
दिल्ली-NCR में दोपहर तक मध्यम बारिश के आसार
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में आसमान में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह से दोपहर के दौरान कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि शाम तक हल्की फुहारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
पहाड़ों पर आफत: उत्तराखंड और हिमाचल में फ्लैश फ्लड का खतरा
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण जमीन में नमी का स्तर बढ़ गया है, जिससे निचले इलाकों में पानी भरने और कम स्तर की अचानक बाढ़ (Flash Flood) आने की आशंका है। उत्तराखंड के चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।
यूपी, एमपी और छत्तीसगढ़ में ‘भारी से बहुत भारी’ बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में ‘भारी से बहुत भारी’ बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल (गंगा के मैदानी क्षेत्र), तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और मध्य महाराष्ट्र में भी कई जगहों पर मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान, पंजाब और जम्मू-कश्मीर का हाल
-
राजस्थान: पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं, जबकि पश्चिमी राजस्थान में मौसम मुख्य रूप से शुष्क और गर्म रहेगा।
-
पंजाब: पंजाब में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और तापमान 38 डिग्री तक जाने की संभावना है, हालांकि कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
-
जम्मू-कश्मीर: दोपहर के वक्त आंशिक धूप के बीच कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और थंडरस्टॉर्म की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर भारत में पूरे हफ्ते मेहरबान रहेगा मॉनसून
पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में पूरा हफ्ता मानसूनी बारिश का दौर जारी रहेगा। आईएमडी ने इन राज्यों में भारी बारिश के साथ कम से मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया है।












