
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। सिंभावली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा एक्सप्रेस-वे पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बदायूं से दिल्ली की ओर जा रही एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे पर कई बार पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि थार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच युवकों में से चार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
आधी रात को हुआ हादसा, तेज रफ्तार बनी काल
यह दुखद दुर्घटना देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। गाड़ी में सवार सभी पांचों युवक दिल्ली की तरफ जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, अत्यधिक गति होने के कारण चालक वाहन पर से अपना संतुलन खो बैठा, जिससे गाड़ी घिसटती हुई सड़क किनारे पलट गई। घटना के तुरंत बाद डायल 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद सिंभावली थाना पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे।
दो सगे भाइयों की गई जान, परिवारों में मचा कोहराम
पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकाला और तुरंत सिखेड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 4 युवकों को मृत घोषित कर दिया। जान गंवाने वाले युवकों की पहचान बदायूं जिले के पालपुर निवासी जोगिंदर (26), सुखवीर (25), जसवंत (20) और पूरदलपुर निवासी रवि (20) के रूप में हुई है। इस हादसे में सुखवीर और जसवंत सगे भाई थे।
हादसे में 17 वर्षीय विष्णु गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है और डॉक्टरों ने उसकी स्थिति स्थिर बताई है। घटना की खबर बदायूं पहुंचते ही मृतकों के परिजनों में रोना-पिटना मच गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
हादसे के बाद गंगा एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया था। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त थार को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कराया। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि सभी 4 मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।












