
मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां कथित तौर पर जहरीली और अवैध शराब पीने से 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। रविवार सुबह अचानक कई लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बंडा सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, शुरुआती जांच में मौत का मुख्य कारण जहरीली शराब का सेवन ही माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात घूघर, नौराज, बराज और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों ने शराब पी थी, जिसके बाद एक-एक कर लोगों की हालत बिगड़ने लगी।
शरीर पड़ा नीला, आधे घंटे में तोड़ दिया दम: परिजनों का छलका दर्द
अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि जब मरीजों को लाया गया, तब तक उनके शरीर नीले पड़ चुके थे और अंगों में तेज अकड़न महसूस हो रही थी। बमुराबेड़ा गांव के निवासी रामकुमार दांगी ने बताया कि उनके चचेरे भाई समेत गांव के चार लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि तीन लोगों ने एक साथ बैठकर शराब पी थी, जिसके कुछ ही देर बाद उनके शरीर ठंडे पड़ने लगे और महज आधे घंटे के भीतर उन्होंने दम तोड़ दिया। फिलहाल 30 से अधिक लोगों को इलाज और ऑब्जर्वेशन के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिससे मौतों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
कलेक्टर की अपील: घर-घर जांच के लिए पहुंची SDM और डॉक्टरों की टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने आम जनता से पैनिक न करने और तुरंत जांच कराने की अपील की है। कलेक्टर ने कहा कि जिन लोगों ने भी पिछले 24 से 48 घंटों के भीतर शराब का सेवन किया है या जिन्हें उल्टी, सिरदर्द, धुंधला दिखने और बुखार जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सिविल अस्पताल पहुंचकर अपनी स्क्रीनिंग कराएं। प्रभावित मुख्य क्षेत्रों में डॉक्टरों और एसडीएम (SDM) की संयुक्त टीमें घर-घर जाकर लोगों का चेकअप कर रही हैं ताकि समय रहते इलाज शुरू किया जा सके।
कमिश्नर, IG और SP पहुंचे ग्राउंड जीरो पर, 6 शराब दुकानें सील
हादसे के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी ने खुद ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने अवैध शराब का कारोबार करने वाले माफियाओं के खिलाफ कड़े निर्देश जारी किए हैं। एहतियात के तौर पर क्षेत्र की 6 शराब दुकानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है और शराब के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं।














