
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद स्थित छपार थाना क्षेत्र के छपरा गांव में एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक वारदात सामने आई है। 4 सितंबर को जन्माष्टमी की रात अपने घर से गांव के मंदिर दर्शन करने निकली एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को गांव के ही विशेष समुदाय के तीन युवक जबरन रास्ते से उठा ले गए। आरोपियों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। दो अलग-अलग संप्रदायों से जुड़ा मामला होने के कारण पूरे क्षेत्र में तनाव और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मंदिर के रास्ते से उठाकर ले गए आरोपी, बदहवास हालत में मिली पीड़िता
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 14 वर्षीय किशोरी जन्माष्टमी पर्व पर गांव के मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए निकली थी। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही समीर नाम के युवक ने अपने दो साथियों—वलीन और सलमान—के साथ मिलकर किशोरी को जबरन दबोच लिया। आरोपी उसे खींचकर अपने घर के एक कमरे में ले गए, जहां मुख्य आरोपी समीर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। देर रात तक बच्ची के घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद पीड़िता आरोपी समीर के घर में बदहवास और बेहोश हालत में पाई गई, जबकि तीनों आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
‘मुझे न्याय मिलना चाहिए’ – पीड़िता ने सुनाई खौफनाक आपबीती
होश में आने के बाद पीड़ित किशोरी ने रोते हुए परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़िता ने अपने बयान में कहा, “मैं रात में मंदिर जा रही थी, तभी मुझे तीन लड़के मिले और जबरन खींचकर ले गए। समीर नाम के लड़के ने मेरे साथ गलत काम किया और मुझे बेहोश कर दिया। उन सभी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए और मुझे न्याय मिलना चाहिए।” घटना के बाद पीड़ित परिवार तुरंत छपार थाने पहुंचा और लिखित तहरीर दी।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
मामला संज्ञान में आते ही सीओ सदर सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य दो आरोपियों की भूमिका की सघन जांच की जा रही है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही देर रात यूपी सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और कहा, “योगी सरकार में ऐसे घृणित अपराधियों पर सख्त कार्रवाई होगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस को कठोरतम कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।” सीओ सदर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।













