
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों नंदीग्राम और रेजिनगर पर उपचुनाव होने वाले हैं। दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 9 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। उपचुनाव को लेकर राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
नंदीग्राम सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के चुनाव लड़ने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। यह वही सीट है, जहां 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के बीच सीधा मुकाबला हुआ था। अब उपचुनाव को लेकर शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि रेजिनगर और नंदीग्राम उपचुनाव में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, “देखिए इस उपचुनाव में भगवाधारी उनका क्या हाल करते हैं।”
ममता बनर्जी के उम्मीदवार बनने पर बागी गुट का बड़ा दावा
इस बीच टीएमसी के बागी रीताब्रत बनर्जी गुट के मदन मित्रा ने नंदीग्राम सीट को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर ममता बनर्जी नंदीग्राम से उम्मीदवार बनती हैं तो उनकी ओर से इस सीट पर कोई उम्मीदवार खड़ा नहीं किया जाएगा।
मदन मित्रा ने कहा, “नंदीग्राम सीट से अगर ममता बनर्जी उम्मीदवार बनती हैं तो हमारी ओर से कोई उम्मीदवार उस सीट से खड़ा नहीं होगा। यह हमने कल ही कह दिया था।”
ऐसे में नंदीग्राम उपचुनाव में ममता बनर्जी के संभावित उम्मीदवार बनने की चर्चा के बीच राजनीतिक समीकरणों पर भी नजर बनी हुई है।
लिलुआ में संत के कार्यक्रम का भी किया जिक्र
शुभेंदु अधिकारी ने अपने बयान में लिलुआ में आयोजित एक कार्यक्रम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा,
“मैंने देखा है कि लिलुआ में एक संत आए थे, उन्होंने संत के तरह देश प्रेम का कथा, राष्ट्रवाद का कथा, अखंड भारत का कथा, परंपरा का बात उन्होंने उनके तरह कहा है, जिसे ग्रहण करना है करेंगे जिसे ग्रहण नहीं करना है नहीं करेंगे, यह किसी के ऊपर दबाव नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने कुछ लोगों को भवानीपुर थाने के सामने फोटो में आग लगाते हुए देखा है। इस मामले को लेकर उन्होंने कोलकाता पुलिस के कमिश्नर को कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।
उन्होंने कहा, “लेकिन मैंने कुछ लोगों को देखा कि भवानीपुर थाने के सामने फोटो में आग लगाया है। मैं यहां से कोलकाता पुलिस के CP को निर्देश देता हूं कि उन्हें अरेस्ट करें। इस राज्य में ऐसा नहीं चलेगा। यह सब बहुत हो गया। अपिजमेंट पॉलिटिक्स बहुत हो गया।”
नंदीग्राम और रेजिनगर पर बढ़ी राजनीतिक हलचल
नंदीग्राम और रेजिनगर दोनों सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो गई हैं। नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी के संभावित चुनाव लड़ने की चर्चा ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
वहीं, शुभेंदु अधिकारी के बयान के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि नंदीग्राम से कौन-कौन उम्मीदवार मैदान में उतरता है और उपचुनाव में जनता किसके पक्ष में फैसला सुनाती है।














