
उत्तराखंड में उफान पर नदियां, चीन सीमा से कटा कई घाटियों का संपर्क
उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। पिथौरागढ़ के कुलागाड़ नाले पर 27 अगस्त को ही बनकर तैयार हुआ 170 फीट लंबा बैली ब्रिज नदी के तेज बहाव में बह गया। इससे चीन सीमा से सटी व्यास, दारमा और चौदांस घाटियों का संपर्क पूरी तरह से टूट गया है। बता दें कि पुराना पुल 18 अगस्त को चट्टान गिरने की वजह से ध्वस्त हुआ था। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और उत्तरकाशी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राहत की बात यह है कि केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग को यात्रियों के लिए फिर से खोल दिया गया है, हालांकि घोड़े-खच्चरों की आवाजाही पर फिलहाल रोक है।
छत्तीसगढ़ में हादसा और मध्य प्रदेश-राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में हसदेव नदी के तेज बहाव में 3 कॉलेज छात्र बह गए। पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे छात्रों में से एक का पैर नदी किनारे सेल्फी लेते वक्त फिसल गया था, जिसे बचाने के फेर में दो अन्य छात्र भी डूब गए। उधर, मध्य प्रदेश और राजस्थान में मानसून की वापसी से तेज बारिश का दौर जारी है। मध्य प्रदेश के 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं भोपाल में दृश्यता (विजिबिलिटी) घटकर 100 मीटर से भी कम रह गई है। राजस्थान के 29 जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार और उत्तर प्रदेश में बाढ़ से विकराल हुए हालात बिहार के 15 जिलों में बाढ़ की वजह से 47 लाख से अधिक आबादी प्रभावित हुई है। राज्य के 14 जिलों के 2,360 गांवों में स्थिति बेहद नाजुक है और 8 प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। राहत शिविरों में 27 हजार से अधिक लोग शरण लिए हुए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के 26 जिले बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं, जिससे करीब 4 लाख की आबादी प्रभावित हुई है। कानपुर-उन्नाव में गंगा नदी खतरे के निशान के पास पहुंच गई है। मौसम विभाग ने यूपी के 60 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राजधानी दिल्ली में रेड अलर्ट जारी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने दिल्ली के कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। वैज्ञानिकों के अनुसार दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश का यह सिलसिला अगले दो दिनों तक यानी रविवार तक बना रहेगा।














