सीमांचल एक्सप्रेस में दर्दनाक हादसा: सो रही मां की गोद से खिसककर खिड़की से नीचे गिरा 9 महीने का मासूम, रेलवे ट्रैक किनारे मिला शव

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में दिल्ली से बिहार जा रही सीमांचल एक्सप्रेस से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली दुखद घटना सामने आई है। ट्रेन के एस-1 (S-1) कोच में अपनी मां के पास सो रहा 9 महीने का मासूम बच्चा अचानक चलती ट्रेन की इमरजेंसी खिड़की से नीचे गिर गया। घटना के बाद पुलिस और रेलवे प्रशासन द्वारा चलाए गए बड़े सर्च ऑपरेशन के बाद शनिवार दोपहर फतेहपुर के फैजुल्लापुर रेलवे स्टेशन के पास मासूम का शव बरामद हुआ। इस खबर के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।

रात 3 बजे मां के पास सोया था कनिष्क, तड़के गायब मिला मासूम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के बेगूसराय जिले के सलोनी गांव निवासी मोहन अपनी पत्नी काजल और 9 माह के बेटे कनिष्क के साथ शुक्रवार को सीमांचल एक्सप्रेस के एस-1 कोच (सीट संख्या 61 और 64) से दिल्ली से बिहार लौट रहे थे।

कानपुर सेंट्रल स्टेशन से ट्रेन आगे बढ़ने के बाद रात करीब 3:15 बजे काजल अपनी सास से फोन पर बात करने के बाद बच्चे को अपने साथ लेकर मिडिल सीट पर सो गईं। इसी बीच मोहन टहलने के लिए कोच के गेट की तरफ चले गए। तड़के करीब 4:17 बजे जब मोहन वापस लौटे, तो देखा कि पत्नी अकेली सो रही थी और बेटा कनिष्क गायब था। जब उन्होंने पत्नी को जगाकर पूछा, तो हड़कंप मच गया। ध्यान देने पर सामने वाली इमरजेंसी विंडो (खिड़की) खुली मिली।

नींद में खिड़की से नीचे गिरने की आशंका, जीआरपी-आरपीएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन

परिजनों ने आशंका जताई कि नींद के दौरान बच्चा मां के पास से पीछे की तरफ खिसक गया और खुली हुई इमरजेंसी खिड़की से नीचे गिर गया। बदहवास दंपति ने तुरंत घटना की जानकारी प्रयागराज जीआरपी (GRP) को दी और प्रयागराज जंक्शन पर उतर गए।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जीआरपी, आरपीएफ (RPF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने कानपुर से प्रयागराज के बीच रेलवे ट्रैक पर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया।

फैजुल्लापुर रेलवे स्टेशन के पास मिला शव

शनिवार दोपहर लगातार तलाशी के दौरान फतेहपुर के फैजुल्लापुर रेलवे स्टेशन के पास मासूम कनिष्क का शव रेलवे ट्रैक किनारे बरामद हुआ। पुलिस ने शव को तुरंत कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha