
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में हंडिया थाना क्षेत्र के कर्मनाशा मोहल्ले में दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। समाजवादी पार्टी के गंगापार जिला सचिव और मुगरांव गांव के पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव (50) की तीन नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात हंडिया थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पुलिस की गश्त और मुस्तैदी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
कैफे से निकलते ही कार के पास मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 3:00 बजे पवन अपनी कार से हंडिया कस्बे आए थे। कार खड़ी करने के बाद वे पास के एक कैफे में दोस्तों के साथ बातचीत करने चले गए। शाम 5:20 बजे जैसे ही वे कैफे से निकलकर अपनी कार में बैठने लगे, तभी बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे।
बदमाशों ने कार के पास बाइक की रफ्तार धीमी की और पीछे बैठे हमलावर ने पवन को बेहद करीब से सटाकर गोली मार दी। गोली उनकी पीठ पर लगी और वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
“कोई तो अस्पताल ले चलो…” तड़पते रहे पवन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल पवन तड़पते हुए लगातार मदद की गुहार लगाते रहे। वे बार-बार कहते रहे, “कोई अस्पताल ले चलो…”। गंभीर हालत में उन्हें हंडिया के निजी अस्पताल से एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद हमलावर वाराणसी की ओर फरार हो गए।
रेकी की आशंका, 1 महीने की CDR खंगाल रही पुलिस
पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने पवन की गतिविधियों पर पहले से नजर रखी थी। कैफे से निकलते ही किसी मुखबिर ने उनकी लोकेशन बदमाशों तक पहुंचाई।
-
कॉल डिटेल खंगाली: जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने पवन के मोबाइल फोन का 1 महीने का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकलवाया है, ताकि आखिरी समय में संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।
-
दोस्तों से पूछताछ: कैफे में मौजूद पवन के दोस्तों से लंबी पूछताछ की गई है।
-
संदेही हिरासत में: डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत के मुताबिक, गांव के वर्तमान प्रधान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है।
सपा में भारी आक्रोश, आंदोलन और आर्थिक मदद की मांग
थाने के इतने पास हुई इस हत्या के बाद समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है:
-
एमएलसी और जिलाध्यक्ष का रुख: एमएलसी डॉ. मान सिंह यादव और जिलाध्यक्ष अनिल कुमार यादव ने कहा कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि अगर हत्यारे जल्द गिरफ्तार नहीं हुए तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
-
मुआवजे की मांग: सपा नेताओं (पूजा मिश्रा, डॉ. निधि यादव और दान बहादुर मधुर) ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मृतक के परिवार के लिए 50 लाख रुपये के मुआवजे की मांग की है।












