UP IAS Transfer List: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से सोमवार को लगातार दूसरे दिन बड़े पैमाने पर तबादले किए हैं। शासन ने 14 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) सहित कुल 34 आईएएस (IAS) अधिकारियों को इधर से उधर कर दिया है। इस फेरबदल के तहत मुरादाबाद, हरदोई, एटा, कुशीनगर, कानपुर नगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, अमेठी, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर जिलों में नए जिलाधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) से आईएएस संवर्ग में पदोन्नत हुए अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियाँ सौंप दी गई हैं।
इन 14 जिलों की बदली कमान, जाने किसे कहाँ मिली नई तैनाती
शासन द्वारा जारी तबादला सूची के अनुसार, अनुनय झा को डीएम हरदोई के पद से स्थानांतरित कर डीएम मुरादाबाद बनाया गया है। वहीं राहुल पांडेय, जो अब तक विशेष सचिव राज्य कर के पद पर तैनात थे, उन्हें डीएम हरदोई की जिम्मेदारी दी गई है। आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं संभागीय खाद्य नियंत्रक एम अरुन्मोली को डीएम एटा बनाया गया है। संजय चौहान को डीएम अमेठी के पद से ट्रांसफर कर डीएम कुशीनगर की कमान सौंपी गई है।
कुशीनगर के जिलाधिकारी रहे महेंद्र तंवर को अब डीएम कानपुर नगर बनाया गया है। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) अनुज मलिक को डीएम संतकबीरनगर पद पर तैनात किया गया है। संतकबीरनगर के डीएम आलोक कुमार को डीएम पीलीभीत तथा पीलीभीत के डीएम ज्ञानेंद्र सिंह को ट्रांसफर कर डीएम बलिया बनाया गया है।
इन्वेस्ट यूपी, नगर निगम और जल निगम में भी बड़े बदलाव
इन्वेस्ट यूपी व यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) शशांक चौधरी को डीएम अमेठी बनाया गया है। मुरादाबाद के नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल को डीएम बागपत की कमान दी गई है। विशेष सचिव नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति तथा जल निगम ग्रामीण के संयुक्त प्रबंध निदेशक प्रभास कुमार को डीएम महोबा बनाया गया है।
उमेश प्रताप सिंह (विशेष सचिव पिछड़ा वर्ग, निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं प्रबंध निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम) को डीएम बिजनौर बनाया गया है। विशेष सचिव नगर विकास सत्य प्रकाश पटेल को डीएम हाथरस की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अशोक कुमार, जो विशेष सचिव सिंचाई जल संसाधन एवं परती भूमि विकास तथा विशेष सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार के पद पर तैनात थे, उन्हें डीएम हमीरपुर नियुक्त किया गया है।
उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रानिक कार्पोरेशन के प्रबंध निदेशक हिमांशु कौशिक को मुरादाबाद का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। देवरिया के मुख्य राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह को मुख्य विकास अधिकारी (CDO) मिर्जापुर और एडीएम (प्रशासन) संतोष बहादुर सिंह को सीडीओ मैनपुरी बनाया गया है। मिर्जापुर के सीडीओ विशाल कुमार को गीडा (गीडा) का सीईओ बनाया गया है। विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक तथा यूपीडेस्को के महाप्रबंधक विजय कुमार को उपाध्यक्ष आगरा विकास प्राधिकरण एवं संभागीय खाद्य नियंत्रक आगरा के पद पर तैनात किया गया है।
कई वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियाँ
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया को ACEO यूपीडा बनाया गया है। महोबा की डीएम रहीं गजल भारद्वाज को ACEO इन्वेस्ट यूपी बनाया गया है। रामपुर के एडीएम (प्रशासन) नितिन मदान को ACEO यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी दी गई है।
बिजनौर की डीएम रहीं जसजीत कौर को प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रानिक कार्पोरेशन बनाया गया है। कानपुर नगर के डीएम रहे जितेंद्र प्रताप सिंह को निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के पद पर तैनात किया गया है। मैनपुरी की सीडीओ नेहा बंधु को अपर आयुक्त विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन बनाया गया है।
मनरेगा के अपर आयुक्त अमनदीप डुली को नियंत्रक विधिक बाट माप बनाया गया है। बागपत की डीएम रहीं अस्मिता लाल को विशेष सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण, निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं प्रबंध निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम बनाया गया है। हमीरपुर के डीएम रहे अभिषेक गोयल को विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक तथा बलिया के डीएम रहे मंगला प्रसाद सिंह को प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड बनाया गया है।
उच्च शिक्षा विभाग की विशेष सचिव निधि श्रीवास्तव को विशेष सचिव राज्य कर बनाया गया है। एटा के डीएम रहे अरविंद सिंह को विशेष सचिव खाद्य एवं रसद, मुरादाबाद के डीएम रहे राजेंद्र पेंसिया को विशेष सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार तथा हाथरस के डीएम रहे अतुल वत्स को विशेष सचिव राजस्व बनाया गया है। इसके अतिरिक्त चंद्रशेखर, विशेष सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन, को विशेष सचिव परती भूमि विकास का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
तबादलों की सूची सोमवार देर रात जारी की गई। देखें पूरी सूची


















