अंबाला में निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिरा, 4 मजदूरों की मौत; 30 के दबे होने की आशंका

  • 9 मजदूरों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया, जिला अस्पताल में भर्ती; 5 JCB और SDRF की टीम रेस्क्यू में जुटी, रात में लाइट की वैकल्पिक व्यवस्था

अंबाला। हरियाणा के अंबाला जिले के घुलकोट गांव में रविवार शाम निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 अन्य मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।

अब तक 9 मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। मौके पर पांच JCB मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम चल रहा है। इसके साथ ही SDRF की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है।

चारों मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले चारों मजदूरों की पहचान कर ली गई है। मृतक राजेंद्र अंबाला के सोण्डा गांव का रहने वाला था। दूसरे मृतक की पहचान कलिया के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बाराबंकी का निवासी था।

तीसरे मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बहराइच निवासी 50 वर्षीय शास्त्री के रूप में हुई है। चौथे मृतक की पहचान पंजाब के डांग डेरा गांव निवासी रूप सिंह के तौर पर हुई है।

मलबा हटाने के लिए JCB और हाइड्रा लगाया गया

रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के लिए मौके पर पांच JCB मशीनें लगाई गई हैं। मलबा हटाने के लिए हाइड्रा मशीन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। रात के समय बचाव अभियान में परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक लाइट की व्यवस्था की गई है।

प्रशासनिक अधिकारी मौके पर

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। प्रशासन की टीम मलबे में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटी हुई है।

फिलहाल प्राथमिकता मलबे में दबे मजदूरों को जल्द से जल्द बाहर निकालने की है। राहत और बचाव अभियान जारी है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha