मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान जंतर मंतर पर लेट गईं प्रियंका गांधी, हिरासत में राहुल गांधी

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी INDIA ब्लॉक के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले बुधवार को दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई अन्य विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। विपक्षी सांसद कथित वोट चोरी के मुद्दे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने के लिए जंतर-मंतर जा रहे थे।

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने INDIA गठबंधन के सांसदों को दोपहर करीब 1:30 बजे जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच के लिए बुलाया। बैठक में चुनाव आयोग के खिलाफ मंगलवार को हुए प्रदर्शन के बाद आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, लंच के बाद विपक्षी सांसद चुनाव आयोग की ओर मार्च करने की योजना में थे। हालांकि, इस बैठक में समाजवादी पार्टी के सांसद शामिल नहीं हुए।

लुटियंस दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई

विपक्षी सांसदों के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए पूरी लुटियंस दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। नई दिल्ली जिले के कई हिस्सों में बैरिकेडिंग की गई। दिल्ली पुलिस के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), CISF और अन्य सुरक्षा बलों के जवानों की तैनाती की गई।

प्रमुख सरकारी इमारतों और संवेदनशील स्थानों के आसपास विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों की आवाजाही को नियंत्रित करने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए बैरिकेड लगाए हैं।

बस रोके जाने के बाद सड़क पर उतरे नेता

INDIA ब्लॉक के सांसदों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी बस को रोक दिया और उन्हें जंतर-मंतर जाने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई विपक्षी नेता बस से उतरकर पैदल आगे बढ़ने लगे।

इसी दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी समेत कई नेता सड़क पर बैठ गए। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान उनके साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से वहां से हटने की मांग भी की।

राहुल गांधी समेत कई नेता हिरासत में

जंतर-मंतर की ओर पैदल बढ़ रहे राहुल गांधी और कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इससे पहले कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, इमरान प्रतापगढ़ी और इमरान मसूद उस बस पर भी चढ़े, जिसे जंतर-मंतर की ओर जाने से रोका गया था।

बस में INDIA गठबंधन के कई सांसद मौजूद थे। विपक्षी नेताओं का कहना है कि वे चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना आंदोलन जारी रखेंगे।

राहुल गांधी ने CEC के इस्तीफे की मांग की

राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है। राहुल गांधी का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों और कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है।

वहीं, RJD सांसद मनोज कुमार झा ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि यह आंदोलन सिर्फ CEC ज्ञानेश कुमार तक सीमित नहीं है। उन्होंने सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ कार्रवाई करने का आरोप लगाया।

मंगलवार के प्रदर्शन के बाद FIR

इससे पहले मंगलवार को भी विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। पुलिस ने उन्हें आकाशवाणी भवन के पास रोक दिया था। पुलिस के मुताबिक, बिना अनुमति आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश करने के आरोप में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनके समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

विपक्षी नेताओं का कहना है कि वे कथित वोट चोरी के मुद्दे और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर अपना विरोध जारी रखेंगे। बुधवार को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने से राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha