इमरान खान को बॉम्बे हाईकोर्ट से बड़ी राहत, ‘लीव इंडिया’ नोटिस पर 2 नवंबर तक अंतरिम रोक

  • अगस्त क्रांति मैदान में हुए आंदोलन में शामिल होने के मामले में जारी किया गया था भारत छोड़ने का नोटिस; अभिनेता ने हाईकोर्ट में दी थी चुनौती

बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को ‘लीव इंडिया’ नोटिस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने संबंधित नोटिस के अमल पर अगली सुनवाई तक अंतरिम रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई 2 नवंबर को दोपहर 3 बजे होगी।

सुनवाई के दौरान अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) ने अदालत से मामले को सोमवार तक टालने का अनुरोध किया। उन्होंने मौखिक आश्वासन दिया कि तब तक अभिनेता के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसके बाद अदालत ने अगली सुनवाई की तारीख तय करते हुए नोटिस के अमल पर अंतरिम रोक लगा दी।

भारत छोड़ने के नोटिस पर हाईकोर्ट की रोक

इमरान खान ने ‘लीव इंडिया’ नोटिस को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। अदालत ने फिलहाल इस नोटिस पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है। अब मामले की सुनवाई 2 नवंबर को दोपहर 3 बजे होगी।

क्या है पूरा मामला?

10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए आंदोलन में शामिल होने के मामले में मुंबई पुलिस ने इमरान खान को नोटिस जारी किया था। इसमें फॉरेनर्स एंड इमिग्रेशन कानून की शर्तों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने को कहा गया था।

इस नोटिस के खिलाफ अभिनेता ने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया। उनकी याचिका में दावा किया गया है कि नोटिस गैरकानूनी है और इसे बिना किसी उचित कारण के गलतफहमी के आधार पर जारी किया गया है। इमरान खान ने नोटिस को मनमाना बताते हुए यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें बलि का बकरा बनाया जा रहा है।

याचिका में यह दलील भी दी गई है कि भारत में रहने वाले विदेशी नागरिकों को संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 के तहत संरक्षण प्राप्त है। इमरान खान अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड है।

ऐसा रहा इमरान खान का फिल्मी करियर

इमरान खान ने वर्ष 1988 में बाल कलाकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वर्ष 2008 में फिल्म ‘जाने तू… या जाने ना’ से बतौर अभिनेता डेब्यू किया।

उन्होंने ‘किडनैप’, ‘ब्रेक के बाद’, ‘मटरू की बिजली का मंडोला’, ‘एक मैं और एक तू’, ‘बॉम्बे टॉकीज’ और ‘गोरी तेरे प्यार में’ जैसी फिल्मों में काम किया। वर्ष 2015 में वह फिल्म ‘कट्टी बट्टी’ में नजर आए। इसके बाद उन्होंने फिल्मों से ब्रेक ले लिया।

वर्ष 2026 में इमरान खान ने वापसी की। वह फिल्म ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ में नजर आए।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha