
ऑकलैंड। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाजों का जबरदस्त कहर देखने को मिला। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज जैसे दिग्गज गेंदबाजों की गैरहाजिरी के बावजूद भारतीय टीम ने चार तेज गेंदबाजों के साथ मैदान में उतरकर कीवी टीम को महज 185 रनों पर समेट दिया। भारत की इस धमाकेदार गेंदबाजी के सबसे बड़े हीरो बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह रहे, जिन्होंने अपनी रफ्तार और स्विंग के दम पर सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए। हालांकि, इस शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन से भी ज्यादा चर्चा अर्शदीप सिंह के अनोखे सेलिब्रेशन की हो रही है, जिसे उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड समरीन कौर को समर्पित किया।
ऑकलैंड के ईडन पार्क स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अर्शदीप सिंह भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज के तौर पर उतरे थे। उन्होंने जिम्मेदारी संभालते हुए पावरप्ले में ही न्यूजीलैंड को दो शुरुआती झटके देकर भारत को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया। इसके बाद बीच के ओवरों में भी उन्होंने दो और अहम विकेट हासिल कर कीवी टीम की कमर तोड़ दी।
देखें VIDEO
तीसरे विकेट के बाद किया खास डांस, वीडियो हुआ वायरल
अर्शदीप सिंह का यह चर्चित सेलिब्रेशन न्यूजीलैंड की पारी के 32वें ओवर की पहली गेंद पर देखने को मिला। अर्शदीप की गेंद पर कीवी बल्लेबाज काइल जैमीसन ने कवर्स की तरफ शॉट खेला, जहां तैनात दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने बिना कोई गलती किए आसान सा कैच लपक लिया। विकेट मिलते ही पूरी टीम इंडिया जश्न में डूब गई।
इसी दौरान अर्शदीप ने दोनों हाथों से एक खास तरह का सिग्नेचर डांस स्टेप किया, जिसने तुरंत ही मैदान में मौजूद दर्शकों और सोशल मीडिया पर फैंस का ध्यान खींच लिया। देखते ही देखते अर्शदीप के इस डांस का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया।
अर्शदीप ने इंटरव्यू में खोला राज: गर्लफ्रेंड के लिए था सेलिब्रेशन
न्यूजीलैंड की पारी सिमटने के बाद जब कमेंटेटर ने मिड-इनिंग इंटरव्यू में अर्शदीप से इस अनोखे सेलिब्रेशन के बारे में पूछा, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए इसकी पीछे की वजह बताई। अर्शदीप ने खुलासा किया कि इस सेलिब्रेशन का सीधा कनेक्शन उनकी गर्लफ्रेंड समरीन कौर से है, जो पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं।
अर्शदीप ने बताया, “यह डांस सेलिब्रेशन मेरी गर्लफ्रेंड के लिए था। जब भी हम साथ होते हैं और हममें से कोई भी उदास होता है, तो हम एक-दूसरे का मूड ठीक करने और चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए यही डांस करते हैं।” अर्शदीप के इस बयान के बाद स्टेडियम में मौजूद समरीन कौर के रिएक्शन की भी काफी चर्चा रही, जो खुद यह मुकाबला देखने के लिए ईडन पार्क के स्टैंड्स में मौजूद थीं।


















