
क्रिकेट जगत के सबसे बड़े महामुकाबले यानी भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर फैंस की दीवानगी चरम पर पहुंच गई है. आगामी 10 अक्टूबर 2027 को वनडे वर्ल्ड कप के दौरान दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमें दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग स्थित वांडरर्स मैदान पर आमने-सामने होंगी. इस हाई-वोल्टेज मैच के लिए टिकटों की मारामारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि केवल 34,000 दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम के लिए लगभग 84 लाख लोग टिकट पाने की दौड़ में शामिल हैं.
21 नवंबर को खेला जाएगा फाइनल मुकाबला
आगामी ICC पुरुष वनडे वर्ल्ड कप 2027 की शुरुआत 7 अक्टूबर से होने जा रही है, जिसका पहला मैच 2023 वर्ल्ड कप फाइनल की तरह ही भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा. वहीं टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला यानी फाइनल मैच 21 नवंबर को जोहानिसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में आयोजित होगा. इस फाइनल मुकाबले के लिए भी फैंस में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है और करीब 9 लाख लोग इसके टिकट की होड़ में हैं.
एकतरफा मुकाबलों के बावजूद भारत-पाक मैच का जलवा बरकरार
मैदान पर पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों को देखें तो भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला काफी हद तक एकतरफा रहा है. दोनों टीमों के बीच हुई पिछली 9 भिड़ंतों में भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है. पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ अपनी आखिरी जीत साल 2022 के एशिया कप में दर्ज की थी. इसके बावजूद फैंस के सिर पर इस मुकाबले का नशा सिर चढ़कर बोल रहा है, जिससे टिकटों की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है.
जानिए क्या है वर्ल्ड कप 2027 का नया फॉर्मेट
इस विश्व कप में भारत और पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के साथ एक ही ग्रुप में रखा गया है. वहीं दूसरे ग्रुप में इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, श्रीलंका और न्यूजीलैंड जैसी दिग्गज टीमें शामिल हैं. नए फॉर्मेट के अनुसार, दोनों ग्रुप से टॉप-3 टीमों के अलावा सर्वश्रेष्ठ चौथे स्थान पर रहने वाली टीम ‘सुपर-7’ चरण में प्रवेश करेगी, जहां से शीर्ष 4 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी.


















