तेलंगाना में रूह कंपा देने वाला नरसंहार: पॉक्सो केस में जमानत पर आते ही सनकी ने 6 को उतारा मौत के घाट, पत्नी और दो मासूम बच्चों को भी नहीं बख्शा!

रंगारेड्डी, तेलंगाना : तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले से एक ऐसा वीभत्स और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को तार-तार कर दिया है। जिले के शाबाद मंडल के दैवलगुडा में बदले की आग में अंधे एक सनकी युवक ने एक ही रात में छह लोगों की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि कातिल ने न सिर्फ अपने खिलाफ शिकायत करने वाले परिवार को खत्म किया, बल्कि अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों को भी नहीं बख्शा। इस खौफनाक सामूहिक हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

पॉक्सो केस का था आरोपी, जेल से छूटते ही सवार हुआ खून का चश्मा

पुलिस की शुरुआती जांच में जो कहानी सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। वारदात के मुख्य आरोपी 28 वर्षीय राज कुमार के खिलाफ बीते 16 मई को एक नाबालिग बच्ची की मां ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत गंभीर मामला दर्ज कराया था। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन हाल ही में राज कुमार अदालत से जमानत पर रिहा होकर बाहर आया था। जेल की सलाखों से बाहर आते ही उसके सिर पर बदले का खून सवार हो गया और उसने इस खूनी खेल की साजिश रच डाली।

अपनों से लेकर शिकायतकर्ताओं तक, एक-एक कर 6 को उतारा मौत के घाट

जमानत मिलते ही राज कुमार सीधा दैवलगुडा पहुंचा। वहां वह गुस्से से इस कदर पागल था कि उसने सामने आने वाले हर शख्स पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। इस कातिल ने वारदात के वक्त किसी पर रहम नहीं खाया। मृतकों में पॉक्सो केस की पीड़िता, उसकी मां और उसकी बुजुर्ग दादी शामिल हैं। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपनी खुद की 25 वर्षीय पत्नी सरिता, अपनी 3 साल की मासूम बेटी और महज़ 2 साल के बेटे को भी तड़पा-तड़पा कर मार डाला।

माता-पिता को फोन कर बोला- ‘6 को मार दिया, अब खुदकुशी करने जा रहा हूं’

इस भीषण कत्लेआम को अंजाम देने के बाद आरोपी राज कुमार मौके से फरार हो गया। भागते समय उसने अपने माता-पिता को फोन किया। फोन पर उसने बेहद ठंडे दिमाग से कबूल किया कि उसने छह लोगों की हत्या कर दी है और अब वह खुद भी आत्महत्या करने जा रहा है। इस इनपुट के बाद से पुलिस की चिंता और ज्यादा बढ़ गई है, क्योंकि आरोपी खुद को भी नुकसान पहुंचा सकता है।

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात, आरोपी की तलाश में जुटीं कई टीमें

इतने बड़े पैमाने पर हुए नरसंहार की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तरुण जोशी और उप पुलिस अधिकारी योगेश गौतम भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने वारदात वाली जगह का मुआयना करने के बाद सभी छह शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का नया मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार राज कुमार को दबोचने और उसे आत्महत्या करने से रोकने के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment