भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में खेला जाएगा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम के लिए यह मैच बेहद अहम है। सीरीज जीतने की उम्मीद भले ही खत्म हो चुकी हो, लेकिन भारत के पास लगातार दो मैच जीतकर सीरीज 2-2 से बराबर करने का मौका है। यदि चौथा या पांचवां मैच बारिश की भेंट चढ़ता है तो इंग्लैंड सीरीज अपने नाम कर लेगा।
ब्रिस्टल का काउंटी ग्राउंड भारतीय टीम के लिए अच्छी यादें लेकर आया है। भारत ने इस मैदान पर अब तक केवल एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला है, जिसमें 2018 में इंग्लैंड को सात विकेट से हराया था। इस मैदान पर अब तक कुल सात टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें चार बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम और तीन बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम विजयी रही है।
ब्रिस्टल के स्थानीय समयानुसार मुकाबला शाम 5:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 5 बजे होगा। भारतीय समय के अनुसार मैच रात 10 बजे से शुरू होगा और टॉस रात 9:30 बजे कराया जाएगा।
मौसम की बात करें तो भारतीय टीम के लिए राहत की खबर है। ब्रिस्टल में मैच के दौरान बारिश की संभावना बेहद कम है। टॉस के समय तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है और बारिश की संभावना लगभग नहीं के बराबर है। हवा की रफ्तार करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है, जिससे बल्लेबाजों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी। दूसरी पारी के दौरान बारिश की संभावना लगभग 5 प्रतिशत बताई गई है। उस समय तापमान घटकर 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, लेकिन तेज हवाओं की संभावना नहीं है।
भारतीय टीम में कप्तान श्रेयस अय्यर के अलावा संजू सैमसन, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, अक्षर पटेल, प्रसिद्ध कृष्णा, वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, सूर्यांश शेडगे, हर्षित राणा और प्रिंस यादव शामिल हैं।
इंग्लैंड की टीम में कप्तान हैरी ब्रुक के साथ जोस बटलर, फिल साल्ट, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद, लियाम डॉसन, सैम करन, विल जैक्स, टॉम बैंटन, ल्यूक वुड, साकिब महमूद, जोश टंग, जॉर्डन कॉक्स, जेम्स कोल्स, जैकब बेथेल, रेहान अहमद और सोनी बेकर शामिल हैं।













