
गाजियाबाद की तुराबनगर मार्केट में शुक्रवार देर रात करीब तीन बजे कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई। फायर फाइटर्स ने समय रहते आग को बुझा लिया, वरना मार्केट की कुछ और दुकानें भी आग की चपेट में आ सकती थीं। फिलहाल लाखों के कपड़े जल गए।
फायर ब्रिगेड के मुताबिक, रात करीब 3 बजे कंट्रोल रूम को तुराबनगर मार्केट में एक दुकान में आग लगने की खबर मिली। रात का समय था, ऐसे में समय रहते दमकल की गाड़ी और फायर फाइटर्स पहुंच गए। दिन का समय होता तो संकरे रास्ते से वहां पहुंचना मुश्किल हो सकता था।
फायर फाइटर्स ने तुरंत बचाव-राहत कार्य शुरू कर दिया। शटर को तोड़ा गया। उसके बाद पानी की बौछार अंदर तक पहुंचाई गई। तीन फायर टेंडर बुलाकर आग बुझाई गई। हालांकि तब तक दुकान का ज्यादातर सामान जल चुका था। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से यह अग्निकांड हुआ होगा। दुकान में भीषण आग की वजह से आसपास की दुकानों के बाहर लगे होर्डिंग, बोर्ड जल गए।
व्यस्त मार्केट, संकरी गलियां, आग बुझाने के इंतजाम नाकाफी
तुराबनगर गाजियाबाद शहर की सबसे व्यस्त मार्केट में शुमार है। यहां करीब 500 दुकानें हैं। इनमें 70 फीसदी दुकानें सिर्फ कपड़े की हैं और बाकी कॉस्मेटिक आइट्म्स से जुड़ी हैं। इस मार्केट में तमाम गलियां हैं। यहां तक कि इसका मुख्य रास्ता भी बेहद संकरा है। बाइक के अलावा कोई और वाहन दिन के समय में इस मार्केट से नहीं गुजर सकता। साल-2013 में आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने इस मार्केट का सर्वे किया था। इसका मकसद था कि आपदा के वक्त यहां के लोगों को कैसे सुरक्षित रखा जाएगा। सर्वे के बाद क्या हुआ, किसी को नहीं पता। यहां ज्यादातर दुकानदारों के पास फायर फाइटिंग सिस्टम तक नहीं हैं।













दिल्ली में पारा 40 पार, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की छूटी पसीने; गर्मी पर चुटकी लेकर बोले- ‘भाषण छोटा ही रखूंगा भाई!’