
नई दिल्ली। दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में बुधवार को एक CNG स्टेशन पर धमाका होने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि ट्रक में CNG भरते समय उसका टैंक फट गया, जिससे पास में मौजूद छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में एक घायल की मौत हो गई।
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, टिकरी कलां स्थित एक CNG स्टेशन पर ट्रक में गैस भरते समय अचानक उसका टैंक फट गया। धमाका इतना तेज था कि मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई।
फायर सर्विस के एक अधिकारी ने बताया कि धमाके के दौरान पास में खड़े छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान छह घायलों में से एक की मौत हो गई। अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
दिल्ली फायर सर्विस को बुधवार दोपहर करीब 3:37 बजे CNG स्टेशन पर धमाके की सूचना मिली। सूचना मिलते ही छह दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक सावधानी बरती और स्थिति को नियंत्रित किया।
फायर सर्विस अधिकारियों के मुताबिक, CNG टैंक फटने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की जांच की जा रही है। हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी मौके पर जरूरी कदम उठाए गए। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही धमाके की सही वजह सामने आ सकेगी।












