
भास्कर समाचार सेवा
बिजनौर।अफजलगढ़ राजस्थान के सूरतगढ़ में अफजलगढ़ निवासी 46 वर्षीय व्यक्ति की बीकानेर से काम पर जाते समय ट्रेन से गिरकर मौत हो जाने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर परिजन शव लेने के लिए राजस्थान के लिए रवाना हो गए। नगर के मौहल्ला चिरंजीलाल निवासी मृतक के बड़े भाई लव अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि उसका छोटा भाई कुश अग्रवाल उम्र 46 वर्ष पुत्र नरेश अग्रवाल लगभग बीस वर्ष से राजस्थान के बीकानेर में पाइप टंकी सहित सैनिटरी वेयर के सामान का होलसेल का काम करता था। कुश अग्रवाल अपने घर बीकानेर से बुधवार को काम के लिए निकला और वह ट्रेन के गेट के बाहर खड़ा था। राजस्थान सूरतगढ़ के पास वह लड़खड़ाकर नीचे गिर पड़ा। ट्रेन से गिरकर घायल की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को शव के पास से मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त हुई। आधार कार्ड के साथ मोबाइल फोन एवं टिकट भी बरामद हुआ है। पुलिस ने उसके परिजनों को फोन करके हादसे की सूचना दी। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया और शव लेने के लिए राजस्थान के लिए रवाना हो गए। मृतक अपने पीछे दो पुत्र सहित पूरा परिवार रोता बिलखता छोड़ गया है। मृतक का अंतिम संस्कार कल शुक्रवार को किया जायेगा। मृतक के आवास पर नगरवासियों का तांता लगा हुआ है।












