पीलीभीत में सड़कों की बदहाली और जलभराव की समस्या को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ा युवक

  • प्रशासन से लाख मिन्नतों के बाद भी नहीं बनी बरहा की सड़क
  • ग्रामीण ने टंकी पर चढ़कर दी धमकी तो प्रशासन के छूटे पसीने

Pilibhit : शनिवार को सड़कों की बदहाली और जलभराव की समस्या को लेकर एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। टंकी पर चढ़े युवक को लोगों ने पीलीभीत का वीरू तक कह दिया। वहीं, उसकी इस हरकत के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के पसीने छूट गए और वे मौके पर पहुंचकर उसे समझाने में जुट गए।

शहर से सटे गांव बरहा में दशकों से एक संपर्क मार्ग टूटा पड़ा है, जिस पर प्रशासन से लेकर जनप्रतिनिधियों ने कभी ध्यान नहीं दिया। जबकि चुनाव प्रचार के दौरान पीलीभीत के नेता सड़कों को पेरिस जैसी बनाने का दावा करते रहे हैं। ग्रामीण इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।

शनिवार 11 जुलाई को गांव के युवक राजकुमार ने अपनी जिंदगी को खतरे में डालकर प्रशासन से मांग मनवाने के लिए पानी की टंकी पर चढ़कर धमकी दी और विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन के अधिकारी आनन-फानन में गांव बरहा पहुंचे।

काफी समझाने के बाद भी जब युवक नीचे आने को तैयार नहीं हुआ तो एसडीएम श्रद्धा सिंह ने उसे आश्वासन दिया कि एक महीने के भीतर सड़क का निर्माण करा दिया जाएगा। युवक राजकुमार और ग्रामीणों ने बताया कि कई वर्षों से गांव का यह मार्ग टूटा पड़ा हुआ है, जिसकी वजह से स्कूल जाने वाले बच्चों और मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। आखिरकार तंग आकर युवक ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने और अपनी मांग मनवाने के लिए यह तरीका अपनाया।

अब देखना यह है कि प्रशासन अपना वादा पूरा करता है या गांव वालों के लिए खराब सड़क की समस्या बनी रहती है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment