
लालकुआं : उत्तराखंड के हल्दूचौड़ (दीना डी क्लास) क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पत्नी का जन्मदिन मनाने घर आए 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मूल रूप से हल्दूचौड़ निवासी कमल आर्य हरिद्वार की हीरो कंपनी में कार्यरत था और उसकी शादी इसी साल 30 अप्रैल को बिंदुखत्ता की रहने वाली युवती से हुई थी। बृहस्पतिवार को पत्नी का जन्मदिन होने के कारण कमल विशेष रूप से छुट्टी लेकर और बिना बताए सरप्राइज देने घर पहुंचा था। रात में पूरे परिवार ने हर्षोल्लास के साथ जन्मदिन मनाया और भोजन करने के बाद सभी सो गए।
परिजनों के मुताबिक, कमल को शुक्रवार सुबह वापस हरिद्वार ड्यूटी पर लौटने के लिए लालकुआं से सुबह छह बजे की ट्रेन पकड़नी थी। सुबह जब अलार्म बजा और कमल नहीं उठा, तो पत्नी ने उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई।
पत्नी के चीखने-चिल्लाने पर पहुंचे परिजन उसे तुरंत हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का प्राथमिक अनुमान है कि कमल की मौत साइलेंट हार्ट अटैक की वजह से हुई है, हालांकि मौत के वास्तविक और पुख्ता कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
तीन भाइयों में सबसे छोटे कमल की इस अचानक हुई मौत से हंसते-खेलते परिवार में मातम पसर गया है और शादी की खुशियां महज दो महीने में ही मातम में बदल गईं। लालकुआं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।














