प्रदेश सरकार के आदेश के बाद डग्गामार वाहनों पर चला पुलिस का डंडा

मसूरी पुलिस ने छह बसों और आठ ऑटो को किया सीज

डग्गामार वाहन संचालको में मचा हड़कंप

भास्कर समाचार सेवा गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्रा के आदेश पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर दिनेश कुमार पी के निर्देशन में ग्रामीण जोन के पुलिस कप्तान रवि कुमार के निर्देशन में एसीपी निमित्त पाटिल और एसएचओ आरसी पंत के नेतृत्व में मसूरी पुलिस ने डग्गामार वाहनों पर अभियान चलाते हुए छह बसों और आठ ऑटो को सीज करने का साहसिक कार्य किया है। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार द्वारा नेशनल हाईवे पर अवैध रूप से चल रहे वाहनों और पार्किंग को लेकर सख्त निर्देश दिए थे और 15 दिन का अभियान चलाकर उन पर उचित कार्रवाई के आदेश में पारित किया है। जिसके चलते जनपद में नेशनल हाईवे पर अवैध रूप से चल रही पार्किंग और ऑटो स्टैंड को लेकर पुलिस काफी सख्त मुंड में दिखाई दे रही है। इसी कड़ी में नेशनल हाईवे पर डग्गामार वाहनों पर लगाम लगाते हुए मसूरी पुलिस द्वारा छह बसों और आठ ऑटो को सीज करते हुए उन्हें कड़े निर्देश भी दिए गए। साथ ही अगर कोई भी अवैध रूप से डग्गामार वाहन सड़कों पर चलता हुआ नजर आया तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की बात भी की गई है । ग्रामीण जोन के पुलिस कप्तान रवि कुमार ने जानकारी देते हुए साफ तौर पर कहा कि नेशनल हाईवे पर ऑटो की पार्किंग बनाकर सड़कों पर खड़े करने वाले ऑटो के खिलाफ व सरकार के दिशा निर्देश पर नेशनल हाईवे और सड़कों पर अवैध रूप से डग्गामार वाहनों के चलने पर प्रतिबंध लगाया गया है। जिसको लेकर सरकार के दिशा निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 6 बस और 8 ऑटो को मसूरी पुलिस द्वारा सीज करने का कार्य किया गया है और सभी डग्गामार वाहन के संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि अगर सड़कों पर बिना परमिट के वाहन दौड़ते हुए दिखाई दिए तो उन पर उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्यवाही से डग्गामार वाहन संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

खबरें और भी हैं...