आगरा धर्मांतरण कांड: दिल्ली से MBA पास और मौलाना समेत 4 दबोचे गए,MBA पास इंफ्लूएंसर करता था ‘ब्रेनवॉश’

आगरा। ताजनगरी के बहुचर्चित सगी बहनों के धर्मांतरण मामले में यूपी एसटीएफ (UP STF) और आगरा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने इस अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट से जुड़े चार और शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक हाई-प्रोफाइल वेबसाइट डिजाइनर, एक लेखक और निकाहनामा तैयार करने वाला मौलाना शामिल है। इस सनसनीखेज मामले में अब तक कुल 18 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।

6 राज्यों में फैली थीं सिंडिकेट की जड़ें

यह पूरा मामला मार्च 2025 में तब शुरू हुआ जब आगरा के सदर थाना क्षेत्र से दो सगी बहनें अचानक लापता हो गई थीं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो पता चला कि यह केवल गुमशुदगी का मामला नहीं, बल्कि एक सुनियोजित धर्मांतरण गैंग की साजिश है। मई 2025 में इन बहनों को कोलकाता की एक मुस्लिम बस्ती से बरामद किया गया, जहां उनका धर्म परिवर्तन कराया जा चुका था। सगी बहनों की तलाश में पुलिस ने एक साथ छह राज्यों में छापेमारी की थी।

जूते के कारोबार की आड़ में विदेशी फंडिंग का खेल

आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के मुताबिक, पकड़े गए अभियुक्तों में सबसे अहम तालमीज उर रहमान है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली का रहने वाला तालमीज पेशे से जूते का काम करता था, लेकिन यह महज एक मुखौटा था। असल में वह दूसरे देशों के नेटवर्क के जरिए धर्मांतरण के लिए फंडिंग जुटाने और दाऊद नाम के मुख्य हैंडलर के सीधे संपर्क में था। वह गैंग के वित्तीय ढांचे की रीढ़ माना जा रहा है।

MBA पास इंफ्लूएंसर करता था ‘ब्रेनवॉश’

गिरोह का काम करने का तरीका बेहद हाईटेक था। पुलिस ने जतिन कपूर उर्फ जाशिम कपूर को दबोचा है, जो एमबीए (MBA) पास है। जतिन खुद धर्म परिवर्तन कर चुका है और एक सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर के तौर पर सक्रिय था। वह वेबसाइट डिजाइनिंग की आड़ में युवाओं को टारगेट करता था और अपनी बातों से उनका ब्रेनवॉश कर उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए उकसाता था।

किताबों और निकाहनामे का मकड़जाल

गिरोह में भूमिकाएं पूरी तरह बंटी हुई थीं:

  • परवेज अख्तर: दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट परवेज इस्लाम पर किताबें लिखता था। वह दूसरे धर्मों की कमियां निकालकर युवाओं को भ्रमित करने का काम करता था।

  • मौलाना हसन मोहम्मद: इसका मुख्य काम धर्म परिवर्तन के बाद युवतियों के निकाहनामे तैयार करना और उनका निकाह पढ़वाना था ताकि कानूनी जटिलताओं से बचा जा सके।

मेडिकल छात्रा का यौन शोषण और आतंकी कनेक्शन

इस गैंग की बर्बरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गिरफ्त में आई 6 से अधिक युवतियों ने कोर्ट में अपने बयान दर्ज कराए हैं। इनमें से एक मेडिकल छात्रा ने आरोप लगाया है कि धर्मांतरण के नाम पर उसका शारीरिक शोषण भी किया गया। पुलिस इस मामले में रायपुर जेल से लाए गए संदिग्ध आतंकी अयान जावेद से भी पूछताछ कर चुकी है, जिससे इस गैंग के तार देश विरोधी गतिविधियों से जुड़ने की आशंका गहरा गई है।  पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों और विदेशी फंडिंग के स्रोतों को खंगालने में जुटी है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha