लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों के लिए होने वाले मतदान से ठीक पहले सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और शिक्षा विभाग के नुमाइंदों को खुली चेतावनी दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जो अधिकारी निष्पक्ष रहने के बजाय पार्टी वर्कर की तरह काम कर रहे हैं, वे आज ही से जेल जाने की तैयारी कर लें। बदलाव आने पर कानून अपना काम करेगा और ऐसे लोगों को कोई नहीं बचा पाएगा।
डीआईओएस और बीएसए पर शिक्षकों को धमकाने का गंभीर आरोप
मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र के अभिनंदन रिसार्ट में शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से मुखातिब होते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बिना धांधली और हेराफेरी के कोई चुनाव नहीं जीत सकती। शिक्षक-स्नातक निर्वाचन में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को खुलेआम बेईमानी करने के टास्क दिए जा रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) और बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) द्वारा फोन कर शिक्षकों को डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने दो टूक कहा कि शिक्षा विभाग में हुई लूट और ट्रांसफर-पोस्टिंग के खेल में शामिल अधिकारी कभी नहीं बच सकते।
मंत्रियों तक कैसे पहुंची वोटर लिस्ट? वॉयस कॉलिंग पर उठाए सवाल
वोटर लिस्ट में धांधली का मुद्दा उठाते हुए सपा प्रमुख ने बड़ा सवाल खड़ा किया कि जब आम लोगों या प्रत्याशियों के पास वोटर लिस्ट आसानी से उपलब्ध नहीं है, तो फिर भाजपा के मंत्रियों और नेताओं के पास वह कैसे पहुंच गई? उन्होंने आरोप लगाया कि इसके लिए किसी निजी कंपनी को हायर किया गया है और मंत्रियों के नाम से वॉयस कॉलिंग के जरिए प्रचार किया जा रहा है, जो बिना सरकारी डेटा लीक हुए संभव ही नहीं है। अखिलेश ने अपने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की हिदायत देते हुए कहा कि वे इस तरह की हर वॉयस कॉलिंग और गड़बड़ी के सबूतों को रिकॉर्ड कर सुरक्षित रखें।
एलडीए पर बोला हमला, कहा- भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है विभाग
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) को आड़े हाथों लेते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह विभाग पूरी तरह से भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है, जिसका मुख्य काम केवल अवैध रूप से पैसा इकट्ठा करना है। भाजपा सरकार सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने में जुटी हुई है और आने वाले समय में जांच के दौरान कई बड़े अधिकारियों के चेहरे बेनकाब होंगे। धर्म और सनातन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जो समाज में भेदभाव करता है और सच नहीं बोलता, वह कभी सनातनी नहीं हो सकता। भाजपा सरकार ने तो लोगों की श्रद्धा और आस्था दोनों के साथ खिलवाड़ किया है।
एसआईआर और गलतियों पर निर्वाचन आयोग को घेरा
मतदाता सूची की कमियों पर तंज कसते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि एसआईआर के दावों के बावजूद एक ही व्यक्ति के चार से दस वोट मिलना अपने आप में बड़ी लापरवाही है। जिस गणना पर करोड़ों रुपये खर्च हुए और कई बीएलओ की जान गई, उस पर निर्वाचन आयोग इसे ‘छोटी-मोटी गलती’ बता रहा है, जबकि यह बहुत बड़ी और गंभीर चूक है। उन्होंने कहा कि ‘पीडीए प्रहरी’ की सबसे बड़ी सफलता यही है कि आज निर्वाचन आयोग को अपनी प्रशासनिक गलतियां स्वीकार करनी पड़ रही हैं।
सपा उम्मीदवारों की पूरी सूची जारी कर जीत की अपील
प्रेस वार्ता के अंत में अखिलेश यादव ने विधान परिषद (MLC) चुनावों के लिए मैदान में उतरे सभी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के नाम का ऐलान करते हुए मतदाताओं से उन्हें भारी मतों से जिताने की अपील की:
-
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार:
-
आगरा-अलीगढ़ खंड: शशांक यादव
-
लखनऊ खंड: कांति सिंह
-
इलाहाबाद-झांसी खंड: डॉ. मान सिंह
-
वाराणसी-मिर्जापुर खंड: आशुतोष सिन्हा
-
मेरठ-सहारनपुर खंड: प्रमेन्द्र सिंह
-
-
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार:
-
आगरा-अलीगढ़ खंड: डॉ. आकाश अग्रवाल
-
लखनऊ खंड: सुशील पटेल
-
गोरखपुर-फैजाबाद खंड: डॉ. संजयन त्रिपाठी
-
बरेली-मुरादाबाद खंड: हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर
-
वाराणसी-मिर्जापुर खंड: लाल बिहारी यादव
-
मेरठ-गाजियाबाद खंड: नितिन तोमर
-


















