‘हैवान’ में आमने-सामने अक्षय और सैफ, ट्रेलर में दिखा जबरदस्त टकराव

 

प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। केवीएन प्रोडक्शन द्वारा निर्मित इस फिल्म में सैफ अली खान और अक्षय कुमार मुख्य भूमिकाओं में हैं।

ट्रेलर में सैफ एक दृष्टिबाधित व्यक्ति रोहन कपूर के किरदार में नजर आते हैं, जो अकेले एक बच्ची की परवरिश कर रहा है। वहीं अक्षय कुमार ने एक क्रूर और साइकोपैथ सीरियल किलर का किरदार निभाया है, जो लड़कियों की हत्या करता है और उसका खौफनाक रूप ट्रेलर में देखने को मिलता है।

ट्रेलर की शुरुआत रोहन कपूर से होती है, जो दृष्टिबाधित होने के बावजूद युद्ध कला में माहिर है और एक बच्ची का केयरटेकर है। जब खूंखार सीरियल किलर की नजर बच्ची पर पड़ती है, तो रोहन के सामने उसे बचाने की चुनौती खड़ी हो जाती है। शुरुआत में अपने अंधेपन के कारण बेबस नजर आने वाला रोहन धीरे-धीरे अपनी कमजोरी को ही अपनी सबसे बड़ी ताकत बना लेता है। दूसरी ओर अक्षय का किरदार बेहद हिंसक और डरावना दिखाई देता है, जो फिल्म में सैफ के किरदार के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आता है।

‘हैवान’ में बोमन ईरानी, सैयामी खेर और श्रिया पिलगांवकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का ट्रेलर एक्शन, सस्पेंस और इमोशनल ड्रामा से भरपूर है और सैफ-अक्षय के आमने-सामने आने की उत्सुकता बढ़ाता है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha