पटना। जनता दल यूनाइटेड (JDU) से 6 साल के लिए निष्कासित किए जाने के बाद बाहुबली नेता अनंत सिंह का पहला बड़ा बयान सामने आया है। पार्टी से बाहर किए जाने से बेपरवाह नजर आए अनंत सिंह ने जेडीयू पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि अब ‘नीतीश कुमार की पार्टी हैक हो चुकी है’। उन्होंने दावा किया कि जेडीयू का भविष्य अब पूरी तरह खत्म हो चुका है और आने वाले चुनावों में पार्टी को 10 सीटें हासिल करना भी मुश्किल हो जाएगा। हालांकि, इस तीखे हमले के बावजूद उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति अपनी व्यक्तिगत निष्ठा बरकरार रखते हुए कहा कि वे नीतीश कुमार के खिलाफ कभी कुछ नहीं बोलेंगे।
‘हमें कोई गम नहीं, जो पार्टी के मालिक बन बैठे हैं उन्होंने कराई कार्रवाई’
मीडिया से बातचीत करते हुए मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह ने दो टूक कहा कि उन्हें पार्टी से निकाले जाने का कोई अफसोस नहीं है। इस अनुशासनात्मक कार्रवाई को उन्होंने अपने अंदाज में खारिज करते हुए कहा, “हमें कोई गम नहीं है। जनता ही मालिक और भगवान है। पार्टी नीतीश जी की थी, लेकिन अब पार्टी और नीतीश जी दोनों खत्म हो चुके हैं, पार्टी पूरी तरह हैक हो चुकी है।” बिना किसी का नाम लिए उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग आजकल पार्टी के सर्वेसर्वा या मालिक बने घूम रहे हैं, असल में उन्हीं के इशारे पर यह कार्रवाई कराई गई है।
दूसरी पार्टी में जाने से इनकार, खुद की नई पार्टी बनाने के दिए संकेत
भले ही अनंत सिंह को जेडीयू से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया हो, लेकिन उन्होंने साफ कर दिया है कि वह फिलहाल किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल नहीं होने जा रहे हैं। भविष्य की सियासी चाल के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने संभावना जताई कि आने वाले समय में वे अपनी खुद की एक नई पार्टी का गठन कर सकते हैं। अनंत सिंह ने दोहोरया कि जेडीयू अब वैसी पार्टी नहीं रही जैसी 18 साल पहले हुआ करती थी, उसमें अब कुछ भी शेष नहीं बचा है।
‘नीतीश कुमार से कोई दूरी नहीं, उनके खिलाफ कभी कुछ नहीं कहूंगा’
खास बात यह है कि पार्टी से निकाले जाने के बाद भी अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति अपने पुराने तेवर नरम रखे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार से उनकी कोई वैचारिक या व्यक्तिगत दूरी नहीं है और वे जल्द ही उनसे मुलाकात भी करेंगे। अनंत सिंह ने जोर देकर कहा कि चाहे जो भी हालात बन जाएं, वे कभी भी नीतीश कुमार के खिलाफ एक शब्द भी नहीं बोलेंगे। बहरहाल, अनंत सिंह के इन तेवरों ने बिहार की सियासत में एक बार फिर से हलचल तेज कर दी है।



















