आंध्र प्रदेशः एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध हालत में मौत, आत्महत्या की आशंका

 

प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्रीशैलम में मंगलवार सुबह सनसनीखेज घटना सामने आई, जब यहां एक धर्मशाला में एक ही परिवार के पांच सदस्य मृत पाए गए। पुलिस को संदेह है कि स्वास्थ्य और वित्तीय समस्याओं के चलते परिवार ने आत्महत्या की होगी।

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साईं जिले के बत्तलापल्ली गांव के निवासी पल्लापू सुधाकर (36) अपनी तीन बहनों और 15 वर्षीय भांजे के साथ श्रीशैलम आए थे। पांचों लोग सुधाकर के ऑटो रिक्शा से श्रीशैलम पहुंचे थे और उन्होंने धर्मशाला में एक कमरा किराए पर लिया था।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “मंगलवार को यहां धर्मशाला के एक कमरे में एक ही परिवार के पांच लोग मृत पाए गए। शुरुआती जांच से पता चला है कि स्वास्थ्य समस्याओं और आर्थिक तंगी के कारण यह कदम उठाने का शक है।”

मंगलवार को जब लॉज के कर्मचारियों ने देखा कि कमरे का दरवाजा बंद है और अंदर से बदबू आ रही है, तो उन्होंने खिड़की खोली और पांचों लोगों को फंदे से लटका हुआ पाया। कर्मचारियों ने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस को दी।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सुधाकर, उनकी दो बड़ी बहनें, एक छोटी बहन और भांजा-सभी कथित तौर पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। इसके अलावा, सुधाकर की बड़ी बहनें अपने पतियों से अलग हो चुकी थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। अधिकारी के मुताबिक, सुधाकर ऑटो रिक्शा चलाकर उन सभी का पालन-पोषण कर रहे थे।

पुलिस को संदेह है कि चूंकि परिवार के सदस्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित थे और आर्थिक तंगी का सामना कर रहे थे इसलिए वे जीवन से हताश हो गए होंगे और उन्होंने आत्महत्या कर ली। मामले की आगे की जांच जारी है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha