
चयन रद्द होने पर भावुक वीडियो संदेश जारी
जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से शुरू होने जा रहे 20वें एशियन गेम्स से ठीक पहले भारतीय वुशु खेल में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। खेल मंत्रालय द्वारा 11 सितंबर को जारी अपडेटेड सूची में 60 किग्रा वर्ग की खिलाड़ी दिव्यांशी चौधरी का नाम हटाकर दो बार की एशियन गेम्स मेडलिस्ट नाओरेम रोशिबीना देवी को शामिल कर लिया गया है। इस फैसले के बाद कोटा (राजस्थान) की रहने वाली दिव्यांशी का 9 मिनट का एक बेहद भावुक और चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिव्यांशी रोते हुए आरोप लगा रही हैं कि उन्हें गलत तरीके से टीम से बाहर किया गया है। उन्होंने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए सुसाइड करने की बात कही और छत की ओर कैमरा करके इसे अपना आखिरी वीडियो बताया।
फाइनल ट्रायल में जीत और किट मिलने के बाद कटा नाम दिव्यांशी और उनके पिता सुनील कुमार सुंडा के अनुसार, उन्होंने जून में हुए फाइनल सिलेक्शन ट्रायल में रोशिबीना देवी को हराकर पहला स्थान हासिल किया था। इसके बाद वे तीन महीने तक स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के कैंप में अभ्यास कर रही थीं। दिव्यांशी को एशियन गेम्स की आधिकारिक भारतीय जर्सी, किट और सेरेमनी में शामिल होने के साथ-साथ जापान जाने की अंतिम मंजूरी भी मिल चुकी थी। उनका कहना है कि श्रीनगर कैंप में कंधे में चोट लगने के बाद भी उन्होंने रिकवर होकर चीन में आयोजित इंटरनेशनल टूर्नामेंट में देश के लिए सिल्वर मेडल जीता था।
फिटनेस और चोट के दावों पर आमने-सामने फेडरेशन व खिलाड़ी दिव्यांशी का दावा है कि उनकी डॉक्टर रिपोर्ट और एमआरआई (MRI) में उन्हें खेलने के लिए सक्षम बताया गया था। इसके विपरीत, वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि दिव्यांशी जिस रिपोर्ट को दिखा रही हैं, वह निजी डॉक्टर की है। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) की आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार दिव्यांशी पूरी तरह से फिट नहीं हैं और एशियन गेम्स जैसे बड़े मंच पर अनफिट खिलाड़ी को नहीं भेजा जा सकता। फेडरेशन ने ट्रेनिंग के दौरान जानबूझकर चोट पहुंचाने के आरोपों को भी खारिज करते हुए कहा कि वुशु एक मार्शल आर्ट खेल है, जहां मुकाबले में चोट लगना आम बात है।
एशियन गेम्स में 20 से 24 सितंबर तक होंगे वुशु के मुकाबले 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स में वुशु स्पर्धाएं 20 से 24 सितंबर तक खेली जाएंगी। भारत की 7 सदस्यीय वुशु टीम में पुरुषों में सूरज सिंह मायांगलंबम, आर्यन और विक्रांत बलियान शामिल हैं, जबकि महिला वर्ग में न्येमान वांगसू, अपर्णा, रोशीबीना देवी और लैंगलेंटोम्बी देवी हंजाबम भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
देखें VIDEO















