
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के गजनेर थाना क्षेत्र से एक दिल नहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ गांव के ही दो युवकों द्वारा गैंगरेप किए जाने का खौफनाक खुलासा हुआ है। घटना का पता तब चला जब किशोरी के पेट में अचानक तेज दर्द हुआ। मां द्वारा डॉक्टर की सलाह पर कराए गए अल्ट्रासाउंड में बच्ची 8 महीने की गर्भवती पाई गई, जिसे देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
प्रसाद बनाने के बहाने मंदिर बुलाकर किया दुष्कर्म पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति दिव्यांग हैं और वह खुद मजदूरी करके परिवार का गुजर-बसर करती है। घटना वाले दिन पीड़िता घर पर अकेली थी। आरोप है कि गांव के ही दो युवकों ने उसे बहला-फुसलाकर गांव के बाहर स्थित दुर्गा माता मंदिर में प्रसाद तैयार करने के बहाने बुलाया। इसके बाद आरोपी उसे मंदिर के पास बनी एक झोपड़ी में ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
जान से मारने की धमकी से खौफ में थी पीड़िता वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों ने मासूम को बुरी तरह डराया और धमकी दी कि यदि उसने इस बारे में किसी को भी बताया, तो उसके पूरे परिवार और दिव्यांग पिता को जान से मार देंगे। आरोपियों के इस खौफ के कारण डरी-सहमी नाबालिग ने महीनों तक अपनी आपबीती किसी से साझा नहीं की।
अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट देख उड़े मां के होश हाल ही में जब किशोरी के पेट में लगातार दर्द रहने लगा, तो उसकी मां उसे डॉक्टर के पास ले गई। डॉक्टर के कहने पर जब अल्ट्रासाउंड कराया गया, तो रिपोर्ट में किशोरी के 8 माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई। मां के कड़ाई से पूछने पर रोते हुए पीड़िता ने पूरी दर्दनाक कहानी बयां की।
पुलिस ने दर्ज किया गैंगरेप का मुकदमा, आरोपियों की तलाश जारी मामले की गंभीरता को देखते हुए गजनेर पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी (SO) सनत कुमार ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पुलिस की टीमें आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।












