वाशिंगटन। अमेरिका की सत्ता के केंद्र व्हाइट हाउस के प्रेस डिनर के दौरान हुई अचानक गोलीबारी ने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। यह घटना ऐसे संवेदनशील समय पर हुई है जब एक तरफ ईरान के साथ युद्ध के बादल मंडरा रहे हैं और दूसरी ओर इस्लामाबाद में शांति वार्ताओं का दौर चल रहा था। इस हमले के बाद अब यह सवाल तेजी से उठने लगा है कि क्या इस गोलीबारी के तार मध्य पूर्व (मिडल ईस्ट) के संघर्ष से जुड़े हैं।
ट्रंप का कड़ा रुख: पाकिस्तान दौरा रद्द और शांति वार्ता पर विराम
यह हमला ठीक उसी दिन हुआ जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक चौंकाने वाला फैसला लेते हुए ईरान के साथ शांति वार्ता के लिए पाकिस्तान जाने वाले अपने दूतों का दौरा रद्द कर दिया। ट्रंप ने इस प्रक्रिया को ‘समय की बर्बादी’ करार देते हुए कहा कि “बेकार की बातों पर चर्चा करते हुए बैठे रहने” का अब कोई औचित्य नहीं रह गया है। उनके इस फैसले ने राजनयिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।

“ईरान युद्ध जीतने से मुझे कोई नहीं रोक पाएगा”
हमले के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने अपना पक्ष स्पष्ट किया। हालांकि उन्होंने शुरुआती तौर पर इस घटना का मध्य पूर्व संघर्ष से सीधा संबंध होने से इनकार किया, लेकिन एक सस्पेंस भी छोड़ दिया। ट्रंप ने कहा, “मुझे ऐसा नहीं लगता कि इसका कोई कनेक्शन है, लेकिन आप कभी कुछ कह नहीं सकते। जो भी हो, यह घटना मुझे ईरान युद्ध जीतने से नहीं रोक पाएगी। हमारे पास जो जानकारी है, उसके आधार पर यह जुड़ाव नहीं दिखता, लेकिन हम अपनी जांच और काम जारी रखेंगे।”
सीक्रेट सर्विस एजेंट पर हमला, ‘लोन वुल्फ’ होने का शक
हमले की जानकारी साझा करते हुए ट्रंप ने बताया कि हमलावर ने सीधे एक सीक्रेट सर्विस एजेंट को निशाना बनाकर गोली चलाई थी। गनीमत यह रही कि एजेंट ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उसकी जान बच गई। जांचकर्ताओं के अनुसार, हमलावर संभवतः एक ‘लोन वुल्फ’ (अकेला हमलावर) हो सकता है, जो किसी संगठन के बजाय खुद के स्तर पर इस साजिश को अंजाम दे रहा था। फिलहाल उसके असली मकसद का पता लगाया जा रहा है।
कौन है हमलावर कोल थॉमस एलन?
गोलीबारी करने वाले आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कोल थॉमस एलन के रूप में हुई है। वह “कई आधुनिक हथियारों” के साथ सुरक्षा जांच-चौकी (Security Checkpoint) पर हमला करने पहुंचा था। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एलन मूल रूप से लॉस एंजिल्स का रहने वाला है और उसने प्रतिष्ठित कैल्टेक (Caltech) यूनिवर्सिटी से स्नातक किया है। वह एक पार्ट-टाइम शिक्षक होने के साथ-साथ गेम डेवलपर के तौर पर भी काम करता था। एक शिक्षित पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति द्वारा इस तरह के हमले ने सुरक्षा एजेंसियों को गहरी जांच के लिए मजबूर कर दिया है।















