
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां गाजियाबाद की रहने वाली एक युवती को शादी वाले ऐप पर प्यार हुआ, फिर मंदिर में शादी रचाई गई, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही पति उसे छोड़कर गायब हो गया। जब पीड़िता अपने पति के गांव पहुंची, तो उसे साथ रखने से साफ इनकार कर दिया गया। परेशान महिला उषा ने बागपत कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी अस्मिता लाल को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
जीवनसाथी ऐप पर शुरू हुई थी लव स्टोरी, लद्दाख में ड्यूटी का दिया था झांसा
पीड़िता उषा के मुताबिक, उसकी पहचान बागपत के लुहारी गांव निवासी सूरज कुमार से ‘जीवनसाथी’ ऐप के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और प्यार हो गया। महिला का आरोप है कि सूरज ने खुद को भारतीय सेना (Indian Army) का जवान बताया और लद्दाख में तैनात होने का दावा करते हुए शादी का भरोसा दिया।
तीस हजारी कोर्ट परिसर के मंदिर में रचाई शादी, फिर हुआ गायब
उषा ने बताया कि दोनों ने 23 जुलाई 2026 को दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट परिसर स्थित आर्य समाज मंदिर में कानूनी रीति-रिवाज से शादी की थी। शादी के कुछ दिनों बाद सूरज ड्यूटी पर जाने का बहाना बनाकर वहां से निकल गया। जब भी महिला उससे संपर्क करती, वह छुट्टी मिलने पर वापस आने की बात कहकर टाल देता था।
गांव पहुंची तो मिली धमकी, जांच में जुटी पुलिस
काफी समय तक पति के न लौटने पर उषा खुद बागपत के लुहारी गांव स्थित उसके घर पहुंच गई। आरोप है कि गांव में सूरज ने उसे अपनी पत्नी मानने और साथ रखने से साफ मना कर दिया। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब दोनों के शादी के दस्तावेजों, कॉल रिकॉर्ड्स और सूरज के सेना में तैनात होने के दावे की पड़ताल कर रही है।











