
Fakhrpur, Bahraich : कैसरगंज से बहराइच की ओर जा रहा बायो मेडिकल वेस्ट वाहन शुक्रवार को कुंडासर चौराहे के निकट एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते वाहन सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन सामान्य गति से बहराइच की ओर जा रहा था। इसी दौरान कुंडासर चौराहे के पास अचानक एक कुत्ता वाहन के सामने आ गया। उसे बचाने के लिए चालक ने तत्काल वाहन मोड़ने का प्रयास किया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और खाई में पलट गया।
हादसे के समय वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे। वाहन के पलटते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और तीनों लोग मामूली चोटों के साथ सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बाद में क्रेन बुलाकर काफी मशक्कत के बाद खाई में पलटे वाहन को बाहर निकाला गया। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा। ग्रामीणों का कहना है कि चालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सड़क पर घूमने वाले आवारा पशुओं को लेकर भी चर्चा रही। लोगों का कहना है कि मुख्य मार्गों पर आवारा पशुओं और कुत्तों के अचानक आ जाने से आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।









