Banda : प्रेम विवाह के विवाद में सास की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या

 

  • हत्यारोपी दामाद समेत तीन को पुलिस ने गिरफ्तार किया
  • थाने में प्रार्थना पत्र देकर घर लौट रही थी मृतका

Banda : थाने में चोरी होने का प्रार्थना पत्र देकर घर लौट रही सास को दामाद समेत तीन लोगों ने घेरकर ताबड़तोड़ गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। साथ में चल रही बेटी जान बचाकर भाग खड़ी हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतका की बेटी ने अपने पति समेत तीन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने घटना के कुछ देर बाद ही दबिश देकर तीनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।

बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव निवासी बानो (45) पत्नी स्व.राजू अपनी पुत्री आलिया पत्नी लवकुश के साथ शनिवार को चोरी का प्रार्थना पत्र देने थाने गई थी। शाम को मां-बेटी घर लौट रहीं थीं। तभी गांव के कब्रिस्तान के पास आलिया का पति लवकुश अपने दो अन्य साथियों के साथ कुल्हाड़ी लेकर आ गया। इस पर बानो ने यूपी-112 को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर तीनों छिप गए। पुलिस वाहन निकल जाने पर तीनों वापस आ गए। दामाद ने अपने दो साथियों के साथ सास को दबोच लिया और जमीन पर गिरा दिया। उस पर कुल्हाड़ी से गर्दन पर कई वार कर मौत के घाट उतार दिया। आलिया को भी मारने का प्रयास किया। लेकिन आलिया जान बचाकर मौके से भाग खड़ी हुई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पुत्र गुलशेर ने बताया कि उसकी बहन आलिया ने पड़ोसी युवक लवकुश वर्मा से प्रेम विवाह किया था। उसकी मां बानो लवकुश के घर आने का विरोध करती थी। इसी बात से वह खुन्नस खाए था। इसी खुन्नस के चलते उसकी मां की हत्या कर दी गई। आलिया की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी लवकुश, सत्तू, छोटेलाल के खिलाफ हत्या समेत सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ सदर सौरभ सिंह का कहना है कि प्रेम प्रसंग में बाधा बनी महिला की हत्या की गई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है। हत्या के संबंध में सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment