
बरेली: जिले में भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट के स्पेशल जज को शरारती तत्वों ने पत्र भेजकर परिवार गोली मारने की धमकी दी है. इसके साथ ही उनके परिवार को नेस्तनाबूत करने की बात भी कही है. पत्र में अपना पता फहीम पाकिस्तानी निवासी नया गांव मुर्रखपुर मुरादाबाद भी लिखा है. पत्र स्पीड पोस्ट से अदालत में भेजा गया है. पुलिस ने जज की शिकायती पत्र पर एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
जानिए पूरा मामला
डाक के जरिए कोर्ट में मिले इस पत्र को कोर्ट के पेशकार ने पत्र स्पेशल जज मोहम्मद अहमद खान को दिखाया. पत्र में लिखा है कि वह चुन्नीलाल का जिगरी दोस्त है. उसके कहने पर वह कंप्यूटर ऑपरेटर की हत्या भी कर चुका है. पत्र में लिखा है, ‘अगर तुम्हें अपने परिवार को जिंदा रखना है तो चुन्नीलाल की जमानत मंजूर कर दो. मैंने तुम्हारे सारे ठिकानों का पता लगा लिया है, किस खिड़की से गोली मारनी है, सब तैयारी कर ली गई है. हमारी टीम 30 अक्टूबर से इस काम को अंजाम देने में लगी है. ’ पत्र के अंत में उसने अपना नाम फहीम पाकिस्तानी लिखा है. स्पेशल जज मोहम्मद अहमद खान ने इस मामले की शिकायत हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार, जिलाधिकारी और एसएसपी से की है. तहरीर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने फहीम पाकिस्तानी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है. चुन्नीलाल नाम का मुलजिम जिला जेल में बंद है. उसकी जमानत पर सुनवाई होनी है.
.कौन है चुन्नीलाल
आरोपी चुन्नीलाल पर संपत्ति से अधिक आय का मुकदमा विचाराधीन है. स्पेशल जज को मिली चिट्ठी हाथ की लिखी हुई है. चिट्ठी लिखने वाले ने कहा है कि वह जमानत मंजूर करने पर दावत देगा, जिसमें शराब और शबाब भी होगा. अगर जज ने उसकी बात नहीं मानी तो वह जज के पूरे परिवार को नेस्तनाबूत कर देगा. शिकायतकर्ता न्यायाधीश वर्तमान में एक सड़क दुर्घटना में घायल भी हो चुके हैं. इन दिनों अवकाश पर हैं. स्पेशल जज ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा दिलाने की मांग की है.आपको बता दें कि आरोपी चुन्नीलाल 12 नवंबर से जेल में बंद है. वह मुरादाबाद के महिला कल्याण विभाग में कनिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत था. उस पर 19 लाख रुपये की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. पुलिस का मानना है कि शायद यह वही चुन्नीलाल है, लेकिन पुलिस पूरी तरह से इस बात से पुष्टि नहीं है. पुलिस अब पत्र भेजने वाले की तलाश में जुट गई है.
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट के स्पेशल जज को किसी ने पत्र लिखकर धमकी दी है. इस मामले में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है, जिस जगह से स्पीड पोस्ट किया गया है, वहां की सीसीटीवी फुटेज निकाली जा रही है. बरेली और मुरादाबाद में पुलिस टीम जांच कर रही है. जेल में बंद आरोपी चुन्नी लाल से भी पूछताछ की जाएगी. मुकदमा दर्ज करने के बाद सुरक्षा भी बढ़ा दी गयी है.












