बरगी डैम क्रूज हादसा: मौत को करीब से देख चीख पड़े थे 30 पर्यटक, रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो आया सामने

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे का एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर आपकी रूह कांप जाएगी। यह वीडियो उस खौफनाक मंजर की गवाही दे रहा है जब क्रूज के अंदर अचानक पानी भरने लगा और देखते ही देखते वहां चीख-पुकार मच गई। यह वायरल वीडियो न केवल सिस्टम की खामियों को उजागर कर रहा है, बल्कि यह भी बता रहा है कि उस वक्त मौत पर्यटकों के कितने करीब थी।

डूबते क्रूज का लाइव वीडियो: जान बचाने की जद्दोजहद और दहशत

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि क्रूज में सवार यात्री अपनी सीटों पर बैठे हुए हैं, तभी अचानक तेजी से पानी अंदर घुसने लगता है। कुछ ही सेकंड में पूरा नजारा अफरातफरी में बदल जाता है। वीडियो में क्रूज कर्मचारी घबराहट में लाइफ जैकेट के बंडल खोलते नजर आ रहे हैं, लेकिन तब तक हालात बेकाबू हो चुके थे। पानी के तेज बहाव के कारण क्रूज हिचकोले खाने लगी और लोग अपना संतुलन खो बैठे। वीडियो में बच्चों और महिलाओं के चेहरों पर दिख रही बेबसी और डर किसी को भी विचलित कर सकता है।

लापरवाही पर सरकार का हंटर, तीन कर्मचारी बर्खास्त

इस भयावह हादसे के बाद प्रशासन और सरकार एक्शन मोड में है। जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर सरकार ने सख्त रुख अख्तियार किया है। बरगी जलाशय में हुए इस हादसे के लिए जिम्मेदार क्रूज पायलट महेश पटेल, हेल्पर छोटेलाल गोंड और फ्रंट ऑफिस असिस्टेंट (टिकट काउंटर इंचार्ज) बृजेंद्र को तत्काल प्रभाव से नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। पर्यटन विभाग ने स्पष्ट किया है कि पर्यटकों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

तूफान ने पलटी किस्मत: ऐसे हुआ था मौत का तांडव

हादसे वाले दिन बरगी डैम में अचानक मौसम बदला और तेज तूफान के साथ लहरों ने रौद्र रूप धारण कर लिया। लहरों की मार से क्रूज का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते वह पलट गई। क्रूज पर सवार करीब 30 पर्यटक डैम के गहरे और ठंडे पानी में समा गए। गनीमत रही कि एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और लोगों की जान बचाई। हालांकि, इस नए वीडियो ने सुरक्षा इंतजामों और आपदा प्रबंधन की पोल खोलकर रख दी है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha