Basti : शॉर्ट सर्किट की चपेट में आने से प्रधान प्रतिनिधि की मौत, गांव में शोक की लहर

  • बरहुआ ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र पटेल का निधन, विधायक सहित जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि

Bankati, Basti : मुण्डेरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत विकासखंड बनकटी की ग्राम पंचायत बरहुआ के प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र पटेल (लगभग 42 वर्ष) की गुरुवार सुबह घर में बिजली के शॉर्ट सर्किट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सुरेंद्र पटेल सामाजिक कार्यों और जनसेवा के कारण क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे घर में अचानक बिजली का शॉर्ट सर्किट हो गया। इसी दौरान सुरेंद्र पटेल उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पत्नी अंजलि चौधरी, दो पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके बच्चों में 14 वर्षीय अंशु, 10 वर्षीय आशी और 8 वर्षीय अनुज शामिल हैं। उनकी पत्नी अंजलि चौधरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी में एएनएम के पद पर कार्यरत हैं। पति की असामयिक मृत्यु से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के समय मृतक के बड़े भाई श्याम सुंदर चौधरी किसी कार्य से लखनऊ गए हुए थे। सूचना मिलते ही उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी और तत्काल घर के लिए रवाना हो गए। सूचना पर मुण्डेरवा पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही महादेवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक दूधराम मृतक के आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार और प्रशासन पूरी तरह परिवार के साथ खड़ा है।

वहीं, खंड विकास अधिकारी भवानी प्रसाद शुक्ल, प्रधान संघ अध्यक्ष रविचंद्र पांडेय, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक भी मृतक के आवास पहुंचे। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

सुरेंद्र पटेल अपने सरल, मिलनसार और सहयोगी स्वभाव के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। ग्राम पंचायत के विकास कार्यों और सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका रही। उनके आकस्मिक निधन से बरहुआ ग्राम पंचायत ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे समाज की अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment