Bengal Election 2026: मतदान केंद्र बना अखाड़ा! बीजेपी उम्मीदवार सुवेंदु सरकार पर जानलेवा हमला, मुर्शिदाबाद में हुमायूं कबीर की कार तोड़ी

कोलकाता/दक्षिण दिनाजपुर: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में लोकतंत्र के उत्सव पर हिंसा का साया गहरा गया है। दक्षिण दिनाजपुर के कुमारगंज में बीजेपी उम्मीदवार सुवेंदु सरकार पर भीड़ ने हमला कर दिया। आरोप है कि जब सुवेंदु अपने पोलिंग एजेंट को बूथ के अंदर न जाने देने की शिकायत पर वहां पहुंचे, तो उन पर जमकर लात-घूंसे बरसाए गए। वहीं, मुर्शिदाबाद में पूर्व मंत्री और AUJP प्रमुख हुमायूं कबीर के काफिले पर हमला हुआ है, जिससे पूरे इलाके में तनाव चरम पर है।

सुवेंदु सरकार को जान बचाकर भागना पड़ा, गार्ड ने निकाला बाहर

कुमारगंज से बीजेपी प्रत्याशी सुवेंदु सरकार के साथ हुई मारपीट का एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि सुवेंदु अपनी जान बचाने के लिए भाग रहे हैं और भीड़ उनके पीछे लाठी-डंडे लेकर दौड़ रही है। सुवेंदु का आरोप है कि टीएमसी (TMC) समर्थक पोलिंग बूथ जाम कर रहे थे और बीजेपी एजेंटों को बाहर निकाल रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उन पर हमला कर दिया गया। सुवेंदु के सुरक्षा गार्डों ने किसी तरह उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इस मामले में चुनाव आयोग ने वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की तुरंत गिरफ्तारी के सख्त आदेश दिए हैं।

मुर्शिदाबाद में हुमायूं कबीर की कार पर ईंटों से हमला

हिंसा की आग मुर्शिदाबाद के नौदा तक भी पहुंच गई है। यहां ‘आम जनता उन्नयन पार्टी’ के चीफ हुमायूं कबीर की कार पर उपद्रवियों ने लाठियों और ईंटों से हमला कर दिया। हमले में गाड़ी के शीशे टूट गए। बता दें कि नौदा में मतदान से एक रात पहले हुए बम धमाके में कई लोग घायल हो गए थे। गुरुवार सुबह जब कबीर घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे, तो टीएमसी कार्यकर्ताओं के साथ उनकी तीखी झड़प हो गई। इसके विरोध में हुमायूं कबीर ने मतदान केंद्र के बाहर ही धरने पर बैठने का ऐलान कर दिया है।

कूचबिहार में बवाल: केंद्रीय बलों ने किया लाठीचार्ज

कूचबिहार के तूफानगंज इलाके में भी स्थिति बेकाबू होती दिखी। यहां मतदान केंद्र के पास भारी भीड़ जमा हो गई थी, जो वोटरों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रही थी। स्थिति को हाथ से निकलता देख केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों ने मोर्चा संभाला। जवानों ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को वहां से खदेड़ा और शांति बहाल की। मालदा और सिलीगुड़ी से भी छिटपुट झड़पों की खबरें मिल रही हैं, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

हिंसा के बीच बंगाल में भारी वोटिंग, निर्वाचन आयोग सख्त

भारी हंगामे और तनाव के बावजूद पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर मतदाताओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। दोपहर तक कई जिलों में मतदान का प्रतिशत 30% को पार कर गया है। निर्वाचन आयोग (ECI) ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की बूथ कैप्चरिंग या हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कुमारगंज और मुर्शिदाबाद की घटनाओं पर आयोग ने जिला प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी बढ़ाई गई है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment