Ola-Uber को टक्कर देने उतरी ‘भारत टैक्सी’! जानिए क्या है यह नई सर्विस और कैसे करती है काम

देश में राइड-हेलिंग सेवाओं के क्षेत्र में अब एक नया नाम जुड़ गया है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने आज भारत टैक्सी ऐप को लॉन्च कर दिया गया है। सहकारी मॉडल पर आधारित यह सेवा केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के समर्थन से शुरू की गई है। इसका उद्देश्य यात्रियों को किफायती सफर देना और ड्राइवरों को सम्मानजनक कमाई उपलब्ध कराना है। सरकार का दावा है कि ऐप निजी कंपनियों के विकल्प के रूप में आम लोगों के लिए राहत लेकर आएगी। 

लॉन्च के दौरान अमित शाह का बयान

भारत टैक्सी के लॉन्च पर शाह ने कहा, “तीन साल में भारत टैक्सी को कश्मीर से कन्याकुमारी और द्वारका से कामाख्या तक पूरे देश में शुरू किया जाएगा।” उन्होंने साफ किया कि इस नए राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए अभी ड्राइवर केवल सेवा देने वाले नहीं होंगे, बल्कि वह अच्छे मुनाफे में हिस्सेदार भी बनेंगे। शाह ने कहा, “भारत टैक्सी ड्राइवरों के लिए आर्थिक सुरक्षा और सम्मान दोनों लेकर आएगी।” 

सहकार मॉडल पर जोर

शाह ने कहा कि भारत टैक्सी के जरिए ‘सरकार नहीं, सहकार’ की सोच को जमीन पर उतारा गया है। उन्होंने बताया कि इस मॉडल में हर ड्राइवर अपनी टैक्सी का मालिक है, जिसे ‘सारथी’ कहा जाता है। शाह ने इसे अमूल जैसे सफल सहकारी मॉडल से तुलना करते हुए कहा कि यह व्यवस्था ड्राइवरों के आर्थिक सशक्तिकरण में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी और टैक्सी सेक्टर को कुछ गिने-चुने निजी खिलाड़ियों के नियंत्रण से बाहर निकालेगी। 

कमीशन से मिलेगी राहत

भारत टैक्सी की संरचना निजी ऐप्स से अलग रखी गई है। यहां ड्राइवर केवल सेवा देने वाले नहीं, बल्कि इस सिस्टम के भागीदार भी हैं। इसमें सारथी कहे जाने वाले ड्राइवरों से हर राइड पर कोई कमीशन नहीं लिया जाता है। ऐप इस्तेमाल करने के लिए उन्हें सिर्फ एक तय शुल्क देना होता है। इसके बाद पूरी किराया राशि सीधे ड्राइवर के खाते में जाती है, जिससे उनकी आमदनी पर सीधा असर पड़ता है।

यात्रियों को सस्ता और आसान सफर

इस नए ऐप में यात्रियों के लिए कम किराए पर खास जोर दिया गया है। कंपनी का कहना है कि भारत टैक्सी के किराए दूसरे लोकप्रिय ऐप्स की तुलना में काफी कम हो सकते हैं। इसमें AC, नॉन-AC कैब, बड़ी गाड़ी, ऑटो और बाइक टैक्सी जैसे कई विकल्प दिए गए हैं। ऐप का डिजाइन भी सरल रखा गया है, ताकि हर वर्ग के लोग इसे आसानी से इस्तेमाल कर सकें।

सुरक्षा व्यवस्था और आगे की तैयारी

भारत टैक्सी में सुरक्षा को अहम माना गया है। ड्राइवरों का सत्यापन अनिवार्य है और जरूरत पड़ने पर मदद के लिए हेल्पलाइन की सुविधा दी गई है। शुरुआत में यह सेवा चुनिंदा शहरों में उपलब्ध है, लेकिन आगे चलकर इसे देश के अन्य हिस्सों में भी फैलाया जाएगा। योजना है कि आने वाले समय में यह ऐप बड़ी संख्या में ड्राइवरों और यात्रियों को जोड़ते हुए एक मजबूत विकल्प बने।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

96 − = 95
Powered by MathCaptcha