‘नीले ड्रम’ वाली पोस्ट से दहला पति: खौफ में पत्नी को प्रेमी के हवाले कर बोला—’जान बची तो लाखों पाए’ !

बुलंदशहर (ब्यूरो): उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है जिसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई। एक पति ने हाथ जोड़कर पुलिस से गुहार लगाई कि उसकी पत्नी उसे मार सकती है। मामला तब और दिलचस्प हो गया जब पति ने खुद ही अपनी पत्नी का हाथ उसके प्रेमी के हाथ में थमा दिया। कोतवाली देहात इलाके में हुई यह घटना अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।

फेसबुक पोस्ट पर ‘नीले ड्रम’ का जिक्र और सहम गया पति

दौलतगढ़ निवासी राजकुमार (मजदूर) ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी शीतल का किसी अन्य युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। राजकुमार के मुताबिक, उसकी शादी 7 साल पहले हुई थी और उनका 6 महीने का एक बच्चा भी है। हाल ही में पत्नी ने फेसबुक पर ‘नीले ड्रम की कहानी’ लिखकर एक पोस्ट साझा की, जिसे देखकर राजकुमार बुरी तरह डर गया। उसे लगा कि कहीं उसकी पत्नी भी किसी खौफनाक वारदात को अंजाम न दे दे। इसी डर के मारे वह सीधा पुलिस के पास अपनी जान बचाने की गुहार लेकर पहुंच गया।

महिला सेल में हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा, प्रेमी के साथ जाने की जिद

मामला जब महिला सेल और मीडिएशन सेल पहुंचा, तो पुलिस ने दोनों के बीच समझौता कराने की कोशिश की। लेकिन पत्नी शीतल अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही। उसने स्पष्ट कह दिया कि वह राजकुमार के साथ नहीं रहना चाहती। राजकुमार ने भी अपनी सुरक्षा और मानसिक शांति का हवाला देते हुए पुलिस के सामने ही फैसला लिया कि वह अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ जाने देगा।

‘जान बची तो लाखों पाए’—पत्नी को विदा कर पति ने ली राहत की सांस

मीडिएशन सेल में आपसी सहमति से हुए इस अनोखे समझौते के बाद राजकुमार ने कहा, “मैंने उसे उसके प्रेमी के साथ भेजकर अपनी जान बचा ली है, अब कम से कम मैं शांति से जी सकूंगा।” महिला सेल प्रभारी बोबेश धीमान के अनुसार, चूंकि दोनों पक्ष अपनी मर्जी से अलग होने और साथ रहने को तैयार थे, इसलिए इसमें कोई कानूनी अड़चन पैदा नहीं हुई। राजकुमार अब इस बात से खुश है कि उसके सिर से ‘नीले ड्रम’ का साया हट गया है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha