
–भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को मौके पर बुलाया, जताई नाराजगी
भास्कर समाचार सेवा
गढ़मुक्तेश्वर। मेला रोड पर स्थित कान्हा गोशाला में भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को गोवंशों की व्यवस्था देखी। गर्मी में गोवंशों के लिए हरे चारे की पूर्ति ने होने पर गुस्साए कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को मौके पर बुला लिया।
भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सोलंकी शनिवार को कार्यकर्ताओं के साथ कान्हा गोशाला पहुंचे। जहां गोवंशों को हरे चारे की पूर्ति नहीं हो पा रही है। वहीं गोशाला में सफ़ाई का भी अभाव था। जिस पर संघ कार्यकर्ता भड़क उठे और एसडीएम अंकित कुमार वर्मा को सूचना दी। सूचना मिलने पर एसडीएम ने मोके पर पहुँचकर जांच की। जांच के दौरान गोशाला की व्यवस्था चरमराती हुई दिखी। एसडीएम ने तत्काल गोवंशों के चारे की व्यवस्था के लिए ईओ नगर पालिका को निर्देशित किया। वहीं एसडीएम ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि खेतों में गेहूं की कटाई चल रही है, वहां से निकलने वाला भूसा गोशाला पहुंचाएं, जिससे गोवंशों को परेशानी न हो। किसान इच्छानुसार चारा और हरा भी दे सकते है। उन्होंने संघ कार्यकर्ताओं से भी गोशाला में भूसा पहुंचाने की अपील की।













