भोपाल का रोशनी सुसाइड केस बना ‘डबल ट्रेजेडी’: आरोपों से घिरे मकान मालिक ने की खुदकुशी, पत्नी बोली- परिजनों के टॉर्चर ने ले ली जान

भोपाल: राजधानी के चर्चित एमबीबीएस छात्रा रोशनी सुसाइड मामले ने अब एक बेहद दुखद और गंभीर मोड़ ले लिया है। कोहेफिजा थाना क्षेत्र में जिस मकान मालिक पर छात्रा के परिजनों ने प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे, उसी मकान मालिक विजय राठौर ने अब खुदकुशी कर ली है। एक ही मामले से जुड़ी इन दो मौतों ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है और पुलिस की जांच पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

मानसिक तनाव और प्रताड़ना का आरोप

मिली जानकारी के अनुसार, मकान मालिक विजय राठौर पिछले कई दिनों से गहरे मानसिक तनाव में थे। उनकी पत्नी ने रोशनी के परिजनों पर सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा है कि छात्रा की मौत के बाद से ही विजय और उनके परिवार को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी दबाव और सामाजिक बदनामी के डर से परेशान होकर विजय ने मौत को गले लगा लिया।

रोशनी का वो ‘आखिरी खत’ और पढ़ाई का दबाव

मामला 9 और 10 फरवरी की दरमियानी रात से शुरू हुआ था, जब मेडिकल छात्रा रोशनी ने अपने कमरे में सुसाइड कर लिया था। शुरुआती जांच में मामला उलझा हुआ था, लेकिन 17 फरवरी को रोशनी के मोबाइल से मिले एक सुसाइड नोट ने सबको चौंका दिया था। उस नोट में रोशनी ने अपनी व्यथा लिखते हुए कहा था:

“सॉरी मम्मी-पापा, नीट निकालना आसान है लेकिन MBBS की पढ़ाई करना बहुत कठिन है।”

SIT जांच और परिजनों का हंगामा

रोशनी की मौत के बाद मेडिकल छात्रों और परिजनों ने पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर कोहेफिजा थाने के बाहर रातभर धरना दिया था। परिजनों का सीधा आरोप मकान मालिक विजय राठौर पर था। बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मामले की गहराई से जांच के लिए SIT (विशेष जांच दल) का गठन भी किया था। लेकिन जांच पूरी होने से पहले ही मुख्य आरोपी माने जा रहे विजय राठौर की मौत ने मामले को और उलझा दिया है।

कोहेफिजा पुलिस के सामने अब दोहरी चुनौती

मकान मालिक की आत्महत्या के बाद कोहेफिजा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। अब पुलिस के सामने दोहरी चुनौती है—एक तरफ छात्रा की आत्महत्या के पीछे के असली कारणों की तह तक पहुंचना और दूसरी तरफ यह पता लगाना कि क्या वाकई विजय राठौर को आत्महत्या के लिए उकसाया गया था? पुलिस अब दोनों पक्षों के मोबाइल रिकॉर्ड्स और हालिया बयानों की कड़ियों को जोड़ रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment